स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव अचानक पंचकूला के सिविल अस्पताल का निरीक्षण करने पंहुची तो अस्पताल की हालत देखकर सख्त नाराजगी जताई।

हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बुधवार को पंचकूला के सिविल अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पताल में व्याप्त अव्यवस्थाओं और लापरवाही को देखकर मंत्री का पारा सातवें आसमान पर पहुँच गया। उन्होंने न केवल अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई, बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत भी परखी।

"मेरे आते ही सफाई क्यों?" स्वास्थ्य मंत्री ने मांगी जवाबदेही
निरीक्षण के दौरान मंत्री जैसे ही लेबर रूम एरिया में पहुँचीं, वहां आनन-फानन में सफाई कार्य शुरू होता देख वह भड़क गईं। उन्होंने व्यंग्यात्मक लहजे में ताली बजाते हुए अधिकारियों से कहा, "वाह! क्या मेरे आने के बाद ही सफाई शुरू होती है?" इतना ही नहीं, लेबर रूम में स्टाफ और अन्य लोगों को बिना मास्क और बिना शू-कवर के घूमते देख उन्होंने सख्त नाराजगी जताई। इसके बाद तुरंत सभी को प्रोटोकॉल का पालन करने के निर्देश दिए गए।

मरीजों से जाना फीडबैक
अस्पताल की कार्यप्रणाली को बारीकी से समझने के लिए मंत्री ने एक नई पहल की। उन्होंने अपने निजी स्टाफ को अस्पताल के विभिन्न दवा काउंटरों पर भेजा ताकि यह पता चल सके कि मरीजों को दवाइयाँ मिलने में कोई समस्या तो नहीं हो रही है।उन्होंने रजिस्ट्रेशन काउंटर पर लंबी लाइनों में खड़े मरीजों से बातचीत की। एक महिला मरीज ने उन्हें बताया कि वह काफी समय से पेट दर्द की शिकायत के साथ लाइन में खड़ी है। इस पर मंत्री ने तुरंत संज्ञान लिया। स्वास्थ्य सेवाओं में जवाबदेही तय करने के लिए उन्होंने नर्सिंग सिस्टर्स का हाजिरी रजिस्टर भी मंगवाया और उसकी गहन जाँच के निर्देश दिए।

नर्सिंग स्टूडेंट्स और मरीजों से भी की बातचीत
आरती राव ने अस्पताल में ट्रेनिंग ले रही नर्सिंग स्टूडेंट्स से बातचीत की और उनका अनुभव जाना। उन्होंने मरीजों से भी फीडबैक लिया कि क्या उन्हें अस्पताल में इलाज और दवाओं के लिए किसी प्रकार की परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

प्रशासन में मचा हड़कंप
स्वास्थ्य मंत्री का यह सख्त रुख देखकर अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया। पीएमओ डॉ. चौहान को साथ लेकर किए गए इस निरीक्षण से स्पष्ट हो गया है कि अब स्वास्थ्य विभाग में लापरवाही बरतने वालों की खैर नहीं है। मंत्री ने साफ संकेत दिए हैं कि मरीजों की सुविधा से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।