गुरुग्राम के निवासी और भीमसेना के साथ-साथ संविधान सुरक्षा पार्टी (SSP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नवाब सतपाल तंवर पर उत्तर प्रदेश के देवबंद में मंगलवार देर रात घातक हमला हुआ है। अज्ञात हमलावरों ने उनकी गाड़ी को निशाना बनाकर अंधाधुंध फायरिंग की। हमले में कार के शीशे चकनाचूर हो गए, हालांकि सतपाल तंवर सुरक्षित हैं।
दवा लेने जाते समय हुआ हमला
सतपाल तंवर अपने परिवार के साथ देवबंद के गुनारसा गांव में एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। बताया जा रहा कि उस दौरान उनके साथ हरियाणा पुलिस की सुरक्षा मौजूद नहीं थी। देर रात जब वे अपनी पत्नी, एडवोकेट निशा तंवर के लिए दवा लेने मेडिकल स्टोर गए थे, तभी वापस लौटते समय रास्ते में घात लगाए हमलावरों ने उन पर गोलियां चला दीं।
कांच लगने से आई चोटें, अस्पताल में भर्ती
फायरिंग के दौरान गोली कार के शीशे को चीरती हुई निकल गई। गनीमत रही कि गोली सतपाल तंवर को नहीं लगी, लेकिन कांच टूटने के कारण उनके गले और हाथ पर खरोंचें आई हैं। उनकी पत्नी निशा तंवर ने बताया कि अचानक हुए इस हमले के बाद सतपाल तंवर बदहवास हो गए थे। उन्हें तत्काल देवबंद के शिफा अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद पुलिस ने सरकारी अस्पताल में उनका मेडिकल परीक्षण कराया। फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
भीमसेना कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश
जैसे ही हमले की खबर फैली, भीमसेना और संविधान सुरक्षा पार्टी के समर्थकों का अस्पताल के बाहर जमावड़ा लग गया। कार्यकर्ताओं ने उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए सख्त नाराजगी जाहिर की है। सोशल मीडिया के माध्यम से चेतावनी दी गई है कि यदि हमलावरों की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई, तो पूरे प्रदेश में उग्र प्रदर्शन किया जाएगा।
विवादों और धमकियों से पुराना नाता
सतपाल तंवर अक्सर अपने बयानों और सामाजिक सक्रियता के कारण चर्चा में रहते हैं। उनसे जुड़े कुछ घटनाक्रम इस प्रकार हैं।
• सपना चौधरी केस: सतपाल तंवर उस वक्त देश भर की सुर्खियों में आए थे जब उन्होंने मशहूर डांसर सपना चौधरी के एक विवादित गीत के विरोध में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी।
• लॉरेंस बिश्नोई गैंग की धमकी: तंवर कई बार यह दावा कर चुके हैं कि उन्हें कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गिरोह की ओर से जान से मारने की धमकियां मिल चुकी हैं।
पुलिस जांच जारी
उत्तर प्रदेश पुलिस ने मामले की संजीदगी को देखते हुए जांच तेज कर दी है। फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने क्षतिग्रस्त कार से साक्ष्य एकत्र किए हैं। हमलावरों की पहचान के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या इस हमले के पीछे कोई पुराना विवाद है या किसी संगठित गिरोह का हाथ है।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।










