Logo
हरियाणा के रानियां में लोकसभा चुनावों को लेकर ड्यूटी पर पहुंचे पुलिस के एक जवान को रात के समय एक सांप ने डस लिया। गनीमत रही कि सांप जहरीला नहीं होने के कारण पुलिस के जवान की जान बच गई। घायल का अस्पताल में उपचार चल रहा है।

रानिया/सिरसा: लोकसभा चुनावों को लेकर ड्यूटी पर पहुंचे पुलिस के एक जवान को रानियां के नाथों वाला मोहल्ला स्कूल में रात के समय एक सांप ने डस लिया। गनीमत रही कि सांप जहरीला नहीं होने के कारण पुलिस के जवान की जान बच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस थाना प्रभारी ने टीम को भेज कर राहत पहुंचाने का कार्य किया। घायल जवान का अस्पताल में उपचार चल रहा है, जिससे जवान की तबीयत में सुधार बताया जा रहा है।

राजकीय स्कूल में बने पोलिंग स्टेशन पर ड्यूटी में तैनात था जवान

जानकारी अनुसार रानियां के तहसील परिसर के नजदीक नाथों वाला मोहल्ला स्थित राजकीय प्राथमिक स्कूल में पोलिंग स्टेशन बनाया गया। इस पोलिंग स्टेशन पर रामफल नामक सिपाही की ड्यूटी लगाई गई, जो 24 मई की शाम को पोलिंग टीम के साथ स्कूल में पहुंच गए। देर रात को खाना खाकर जैसे ही सभी कर्मचारी आराम कर रहे थे। इस दौरान एक सांप पुलिस के जवान रामफल के पैर पर चढ़कर अचानक डस गया। सांप के डसते ही जवान ने शोर मचा दिया, जिसकी सूचना पुलिस को दी। थाना प्रभारी ने तत्काल राहत टीम भेज कर घायल जवान को अस्पताल में दाखिल कराया, जहां पर उपचार जारी है। घायल रामफल की तबीयत में सुधार है और वह खतरे से बाहर है।

डबवाली में चर्चा का विषय बना भाजपा का बूथ

डबवाली में मतदान के दिन विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा पोलिंग बूथ के समीप अपने-अपने बूथ कैंप लगाकर वोटरों को उनके वोट नंबर आदि की जानकारी व पर्चियां आदि वितरित की जाती हैं। डबवाली में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा बस स्टैंड के समीप इस प्रकार का बनाया गया एक केंद्र चर्चा का विषय बन गया। जिस स्थान पर भाजपा ने यह अपना टैंट लगाया, वहां पर शराब का ठेका था। क्योंकि शराब का ठेका मतदान के दिन बंद था तो भाजपाइयों ने जगह का उपयोग अपने टैंट के लिए कर लिया। लेकिन जगह का चयन कर वहां पर टैंट का लगाना इस प्रकार से हो गया कि लोगों का ध्यान अचानक ही इस ओर होने लगा। लोगों ने सोशल मीडिया पर भाजपा के यह बूथ कैंप की फोटो डाल दी और फिर यह वायरल होने लगी। लोगों ने चटकारे लेकर इस पर खूब कमेंट किए।

5379487