Logo
हरियाणा में 25 मई को होने वाले लोकसभा चुनावों को लेकर हरियाणा पुलिस पूरी तरह से तैयार है। प्रदेश में 35 हजार पुलिसकर्मी, 90 पैरामिलिट्री कंपनियां व 24 हजार होमगार्ड के साथ निष्पक्ष चुनाव करवाया जाएगा।

Haryana: लोकसभा चुनाव के लिए 25 मई को होने वाले मतदान को स्वतंत्र, निष्पक्ष तथा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न करवाने को लेकर हरियाणा पुलिस के 35 हज़ार से अधिक पुलिसकर्मियों तथा पैरामिलिट्री फोर्स की 90 कंपनियां तैनात की है। इसके अलावा, हरियाणा में कानून व्यवस्था सुचारू रखने के लिए 24 हजार से अधिक होमगार्ड के जवान भी अलग-अलग क्षेत्रों में तैनात रहेंगे। कुल मिलाकर प्रदेश के चप्पे-चप्पे पर पुलिस की कड़ी नजर रहेगी। पुलिस ने अपनी तरफ से पूरी तैयारी कर ली है और हर तरफ नजर बनाई हुई है।

भयमुक्त होकर लोग अपने मताधिकार का करें प्रयोग

पुलिस महानिदेशक ने बताया कि 25 मई को हरियाणा में लोकसभा चुनाव के लिए लोग भयमुक्त होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें। इसके लिए प्रदेश में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इससे जुड़े प्रत्येक पहलू का बारीकी से अध्ययन किया गया है। 25 मई को प्रदेश में मतदान के लिए 10 हजार 343 मतदान स्थानों कुल 20 हजार 6 मतदान केन्द्र स्थापित किए गए हैं, उन पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात रहेगा। इसके अलावा, 1362 स्थानों पर 3033 मतदान केन्द्रों को संवेदनशील (क्रिटिकल) माना गया है तथा 51 मतदान केन्द्रों को वल्नरेबल माना गया है। इन मतदान केन्द्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। इन बूथों पर सुरक्षा के इंतजाम चाक-चौबंद रहेंगे।

प्रदेश में लगाए गए जगह-जगह नाके

शत्रुजीत कपूर ने बताया कि चुनाव को लेकर प्रदेश में 130 अंतर्राज्यीय तथा 170 अंतरराज्यीय नाके लगाए गए है, जहां पर पुलिस की टीमों द्वारा कड़ी निगरानी रखी जाएगी। इसके साथ ही प्रदेश में 418 फ्लाइंग स्क्वायड टीम, 415 स्टेटिक सर्विलांस टीम तथा 34 क्विक रिस्पांस टीम बनाई गई है। प्रदेश में कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा आदर्श आचार संहिता की पालना सुनिश्चित करने को लेकर 1039 पेट्रोलिंग पार्टी भी लगाई गई है जो दिन रात गश्त कर रही है। इसके अलावा, चुनाव को लेकर बनाए गए 91 स्ट्रांग रूम पर निगरानी रखने के लिए केन्द्रीय पुलिस बल के अलावा हरियाणा आर्म्ड पुलिस तथा आईआरबी के जवानों की ड्यूटी लगाई गई है।

प्रदेश में 1 लाख 33513 ऑर्म्ड लाइसेंस

लाइसेंसी हथियारों संबंधी जानकारी देते हुए शत्रुजीत कपूर ने बताया कि प्रदेश में कुल 1 लाख 33513 आर्म्ड लाइसेंस जारी किए गए हैं जिनमें से 1 लाख 14667 लाइसेंसी हथियारों को चुनावों के चलते पुलिस थानों में जमा करवाया गया है। आदर्श आचार संहिता की उल्लंघना के चलते प्रदेश में अब तक 339 लाइसेंसी हथियारों को जब्त किया जा चुका है जबकि 1202 हथियारों के लाइसेंस रद्द किए जा चुके हैं। हरियाणा पुलिस लोकसभा चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष तथा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न करवाने को लेकर वचनबद्ध है। प्रदेश में कानून व्यवस्था बनाए रखने को लेकर लगभग सभी तैयारियां पूरी की जा चुकी है। लोग निष्पक्ष तथा निर्भय होकर 25 मई को वोट डालने के लिए पोलिंग बूथ पर जरूर जाएं तथा अपने मताधिकार का प्रयोग करें।

CH Govt Haryana Ad jindal steel hbm ad
5379487