हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में रविवार को आपसी कलह के चलते एक बुजुर्ग की बेरहमी से हत्या कर दी गई। वारदात जोगनाखेड़ा गांव की है, जहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्थानीय नेता जगबीर जोगनाखेड़ा के ताऊ को मौत के घाट उतार दिया गया। आरोप है कि मृतक के सगे भतीजे ने ही उन पर गंडासी से ताबड़तोड़ हमला कर उनका चेहरा और सिर बुरी तरह क्षत-विक्षत कर दिया।
अचानक सिर पर वार किया
मृतक की पहचान 60 वर्षीय लाभ सिंह के रूप में हुई है। रविवार दोपहर लाभ सिंह अपने खेतों में चारपाई पर विश्राम कर रहे थे। इसी दौरान उनके रिश्ते का भतीजा सुरजीत सिंह वहां पहुंचा और अचानक गंडासी से उनके सिर पर वार करना शुरू कर दिया। हमले से घबराकर लाभ सिंह ने अपनी जान बचाने के लिए भागने का प्रयास भी किया, लेकिन वह कुछ ही दूरी पर अनियंत्रित होकर जमीन पर गिर पड़े।
मौके पर ही थमी सांसें
प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के अनुसार जैसे ही लाभ सिंह जमीन पर गिरे हमलावर सुरजीत ने उन पर रहम दिखाने के बजाय गंडासी से कई और प्रहार किए। गंडासी के प्रहार इतने घातक थे कि लाभ सिंह का चेहरा बुरी तरह कट गया और अत्यधिक खून बहने से उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया। शोर मचने पर परिजन और ग्रामीण वहां इकट्ठा हुए और लहुलूहान हालत में उन्हें अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पुरानी रंजिश और कहासुनी बनी मौत का कारण
बताया जा रहा है कि इस खूनी संघर्ष की शुरुआत एक मामूली कहासुनी से हुई थी। रविवार सुबह किसी बात को लेकर लाभ सिंह और सुरजीत के बीच तीखी बहस हुई थी। उस वक्त ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था, लेकिन सुरजीत के मन में रंजिश घर कर गई थी। दोपहर में उसने मौका पाकर इस जघन्य अपराध को अंजाम दे दिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार शुरुआती जांच में यह मामला गहराती आपसी रंजिश का नजर आ रहा है।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की विभिन्न टीमें और फॉरेंसिक विशेषज्ञ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और वहां से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्रित किए। मृतक लाभ सिंह भाजपा नेता जगबीर जोगनाखेड़ा के ताऊ थे, जो पहले कांग्रेस और आम आदमी पार्टी में भी सक्रिय रह चुके हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लोक नायक जय प्रकाश (LNJP) अस्पताल भेज दिया है।
आरोपी की तलाश में छापेमारी जारी
इस वारदात ने पूरे गांव में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है ताकि हत्या के पीछे की मुख्य वजह स्पष्ट हो सके।










