मूल रूप से बठिंडा की रहने वाली थी महिला, आरोपी नशे में करता था मारपीट, डॉक्टरों ने शुरुआती जांच के बाद मौत का कारण दम घुटना बताया है।

हरियाणा के कैथल जिले में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की निर्मम हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति अपनी भाभी के पास पहुंचा और अपराध स्वीकार कर मौके से फरार हो गया। इस सनसनीखेज घटना के बाद पूरे इलाके में मातम और दहशत का माहौल है।

नशे की लत और आपसी क्लेश बनी वजह 
यह दर्दनाक घटना कैथल के चंदाना गेट स्थित फ्रांसवाला रोड की है। आरोपी अरुण लंबे समय से नशे का आदी था, जिसके कारण घर में आए दिन विवाद होता रहता था। शनिवार दोपहर को भी अरुण नशे की हालत में घर पहुंचा और अपनी 32 वर्षीय पत्नी शालू के साथ झगड़ने लगा। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि अरुण ने आपा खो दिया और शालू का गला घोंटकर उसे मौत की नींद सुला दिया।

चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी इकट्ठा हो गए 
आरोपी की भाभी ने बताया कि जब यह घटना हुई, वह अपने कमरे में आराम कर रही थीं। अचानक उनका देवर अरुण हांफते हुए उनके पास आया। उसने बड़े ही अजीब लहजे में अपनी पत्नी की हत्या की बात कबूली और वहां से भाग निकला। जब बदहवास भाभी कमरे में पहुंचीं तो शालू बिस्तर पर मृत पड़ी थी। चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी इकट्ठा हो गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। 

पीछे छूटे दो मासूम
मृतका शालू मूल रूप से पंजाब के बठिंडा की रहने वाली थी। उसकी शादी साल 2018 में कैथल निवासी अरुण के साथ हुई थी। आठ साल के इस वैवाहिक सफर में उनके दो छोटे बच्चे भी हैं, जिनके सिर से अब मां का साया उठ चुका है। परिजनों का आरोप है कि अरुण न केवल नशे का आदी था, बल्कि वह अक्सर शालू के साथ मारपीट और क्रूरता भी करता था। घरेलू कलह और नशे की लत इस हंसते-खेलते परिवार की बर्बादी का कारण बनी। 

पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने शुरू की जांच 
वारदात की खबर मिलते ही शहर थाना पुलिस और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवा दिया है। डॉक्टरों ने शुरुआती जांच के बाद मौत का कारण दम घुटना बताया है।
शहर थाना प्रभारी (SHO) गीता ने बताया कि पुलिस ने हत्या की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी अरुण फिलहाल पुलिस की पकड़ से बाहर है, लेकिन उसकी तलाश में कई टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।