Chief Secretary के अधिकारियों को निर्देश: कर्मचारियों की कार्यप्रणाली एवं दक्षता में किया जाए सुधार

Chief Secretary TVSN Prasad conducting surprise inspection at Haryana Civil Secretariat
X
हरियाणा सिविल सचिवालय में औचक निरीक्षण करते मुख्य सचिव टीवीएसएन प्रसाद।
मुख्य सचिव टीवीएसएन प्रसाद ने कहा कि कर्मचारियों की कार्यप्रणाली एवं दक्षता में सुधार किया जाएगा, ताकि सरकारी कार्य तत्परता के साथ पूरे किया जा सके।

Haryana: मुख्य सचिव टीवीएसएन प्रसाद ने कहा कि कर्मचारियों की कार्यप्रणाली एवं दक्षता में सुधार किया जाएगा, ताकि सरकारी कार्य तत्परता के साथ पूरे किया जा सके। कार्यालयों में पूर्ण रूप से सफाई व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश भी जारी किए। मुख्य सचिव हरियाणा सिविल सचिवालय में औचक निरीक्षण कर कर्मचारियों की वर्किंग बारे जानकारी ले रहे थे। मुख्य सचिव ने कहा कि कर्मचारी अपने कार्यालयों में पूर्ण रूप से स्वच्छता बनाए रखें। यदि उन्हें किसी प्रकार के इन्फ्रास्ट्रक्चर की आवश्यकता है तो उस बारे तुरंत अपने उच्च अधिकारियों के संज्ञान में लाएं ताकि उसकी उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके।

कार्यालय में कर्मचारी न बरते लापरवाही

मुख्य सचिव ने सचिवालय में कर्मचारियों की कार्य प्रणाली बारे गहनता से जाना और इसमें सुधार करने के लिए अपने सुझाव देते हुए कहा कि कर्मचारी कार्यालय में समय पर आए और कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतें। अपने कार्य को पूर्ण जिम्मेवारी और दायित्व के साथ निभाएं। यदि कर्मचारी अपने कार्य में किसी प्रकार की कोताही बरतेंगे तो उनके विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कर्मचारियों से कार्यप्रणाली में सुधार करने के लिए सुझाव भी मांगे।

कर्मचारियों के लिए चलाया जा रहा कर्मयोगी कार्यक्रम

मुख्य सचिव ने कहा कि प्रदेश में कर्मचारियों को नैतिकता एवं सिद्धांत के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित एवं जागरूक करने हेतु कर्मयोगी कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसमें लगभग 3 लाख से अधिक कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जाना है ताकि कर्मचारी निष्पक्ष एवं पारदर्शिता के साथ कार्य करें। इस प्रशिक्षण से कर्मचारियों की कार्यप्रणाली में अवश्य ही सुधार आएगा। मुख्य सचिव ने राजनैतिक एवं संसदीय कार्य शाखा, कैबिनेट शाखा, मानव संसाधन शाखा, सेवाएं शाखा, प्रशिक्षण शाखा, मुख्यमंत्री सचिवालय शाखा सहित अन्य शाखाओं का भी निरीक्षण किया।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story