Logo
सिरसा की एक महिला को कनाडा में प्रताड़ना झेलनी पड़ रही है। आरोप है कि कार और 20 लाख रुपये नकद की मांग पूरी न होने पर उसे तलाक देने की धमकी दी जा रही है।

सिरसा की एक महिला के साथ कनाडा में प्रताड़ना और मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। महिला का आरोप है कि शादी के बाद उसके खर्चे पर कनाडा गए पति और ससुराल वालों ने दहेज के लिए उसे बुरी तरह प्रताड़ित किया। कार और 20 लाख रुपये नकद की मांग पूरी न होने पर उसे तलाक देने और दूसरी शादी करने की धमकियां दी जा रही हैं।

कनाडा में रहते हुए भी मिली प्रताड़ना
पीड़िता मूल रूप से सिरसा की रहने वाली है और शादी से पहले से ही कनाडा में कार्यरत है। अगस्त 2019 में उसकी शादी राजस्थान के हनुमानगढ़ निवासी युवक के साथ हुई थी। शादी में मायके वालों ने करीब 40-45 लाख रुपये खर्च किए थे, जिसमें 40 तोले सोने के जेवरात और 11 लाख रुपये नकद शामिल थे।

दहेज का लोभ और कनाडा भेजने का खर्च
महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि रिश्ता तय होते समय ही यह शर्त थी कि वह अपने पति को कनाडा बुलाएगी। कनाडा जाने के लिए पति की फाइल लगवाने और वीजा प्रक्रिया का पूरा खर्च महिला ने अपने स्तर पर उठाया।
ससुराल पक्ष शुरू से ही दहेज के लिए ताने मारता रहा। उनका कहना था कि महिला के नाम वाली जमीन उनके नाम की जाए, साथ ही एक लग्जरी कार और 20 लाख रुपये की नकदी की मांग की गई।

विदेश पहुँचते ही बदला पति का व्यवहार
अगस्त 2023 में जब पति आखिरकार कनाडा पहुँच गया, तो कुछ माह साथ रहने के बाद उसका व्यवहार पूरी तरह बदल गया। पति ने उसे प्रताड़ित करना और मारपीट करना शुरू कर दिया। वह लगातार उस पर तलाक के लिए दबाव बना रहा है।जब महिला ने पुलिस में शिकायत की बात कही, तो पति उसे अकेला छोड़कर कहीं चला गया और घर की अलमारी से करीब 1.60 लाख रुपये भी ले गया।ससुराल वाले लगातार उसे और उसके परिवार को धमका रहे हैं कि यदि मांगें पूरी नहीं हुईं, तो वे उसके पति की दूसरी शादी करवा देंगे।

पुलिस ने कई धाराओं के तहत मामला दर्ज 
मामले को लेकर दोनों पक्षों के बीच कई बार पंचायतें हुईं, लेकिन ससुराल पक्ष अपनी मांगों पर अड़ा रहा और महिला को रखने से साफ मना कर दिया। महिला ने अंततः सिरसा एसपी को ईमेल के जरिए शिकायत दी। पुलिस जांच में पाया गया कि पति और ससुराल वाले वाकई दहेज के लिए महिला को प्रताड़ित कर रहे थे और उसके सामान को खुर्द-बुर्द किया गया है। पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।

Latest news

5379487