समापन समारोह में मुख्य अतिथि रहे सेशन जज जगदीप लोहान ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं।

उच्चतर शिक्षा विभाग, हरियाणा के तत्वावधान में तथा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बरवाला के आयोजन में नवदीप स्टेडियम, नरवाना में आयोजित हरियाणा स्टेट इंटर कॉलेज हॉकी चैंपियनशिप 2025-26 का भव्य समापन हुआ। तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता में प्रदेशभर के महाविद्यालयों की टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन किया।

सभी प्रतिभागियों को भविष्य में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया  
समापन समारोह में  सेशन जज जगदीप लोहान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि डॉ. अंजना लोहान, प्रचार्या एसडी कालेज विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुईं। सेशन जज जगदीप लोहान ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि खेलों के माध्यम से युवा प्रदेश और देश का नाम रोशन करते हैं तथा समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। युवाओं के बीच पहुंचकर उन्होंने गौरव महसूस करने की बात कही और सभी प्रतिभागियों को भविष्य में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। 

जाट कॉलेज महिला और पुरुष दोनों वर्गों का विजेता 
महिला वर्ग के फाइनल मुकाबले में ऑल इंडिया जाट हीरोज मेमोरियल कॉलेज, रोहतक ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी, राय को पराजित कर खिताब अपने नाम किया। स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी, राय (सोनीपत) की टीम उपविजेता रही। पुरुष वर्ग के फाइनल में जाट कॉलेज, रोहतक ने केएम राजकीय महाविद्यालय को 3-2 से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। तृतीय स्थान स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी सोनीपत को प्राप्त हुआ। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 25 हजार रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त टीम को 15 हजार रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त टीम को 10 हजार रुपये की सम्मान राशि, प्रमाण पत्र और ट्रॉफी प्रदान की गई। 

प्रतियोगिताओं में पहली बार हॉकी को शामिल किया 
आयोजन समिति के अनुसार उच्चतर शिक्षा विभाग द्वारा प्रायोजित प्रतियोगिताओं में पहली बार हॉकी को शामिल किया गया, जिससे विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाना, प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना रहा।

खिलाड़ियों में उत्साह और उमंग का माहौल दिखा 
बरवाला महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. नरेंद्र सिवाच ने आयोजन समिति, कोच, निर्णायक मंडल, सहयोगी स्टाफ और सभी प्रतिभागी टीमों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। समापन अवसर पर खिलाड़ियों में उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला तथा सभी टीमों ने भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन का संकल्प लिया। इस अवसर पर प्रोफेसर सुरेश चहल सहित अनेक व्यक्ति उपस्थित रहे। 

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।