haribhoomi hindi news
अनिल विज ने अशोक तंवर के कांग्रेस में शामिल होने पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि अशोक तंवर प्रवासी पक्षी की तरह हैं एक डाल से दूसरी डाल पर फुदकते हैं।

Haryana Polls: हरियाणा विधानसभा चुनाव से कुछ घंटों पहले ही बीजेपी को बड़ा झटका लगा है। भाजपा नेता एवं पूर्व सांसद अशोक तंवर चुनाव से 2 दिन पहले भाजपा छोड़ फिर कांग्रेस में शामिल हो गए। अशोक तंवर के कांग्रेस में शामिल होने के बाद बीजेपी नेता अनिल विज की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने अशोक तंवर पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि अशोक तंवर प्रवासी पक्षी की तरह हैं।

अशोक तंवर प्रवासी पक्षी की तरह- अनिल विज

बीजेपी नेता अनिल विज ने तंवर पर निशाना साधते हुए कहा कि अशोक तंवर प्रवासी पक्षी की तरह हैं, जो एक डाल से दूसरी डाल पर फुदकते रहते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग किसी पार्टी को नुकसान या फायदा नहीं पहुंचाते। हरियाणा की जनता दलबदलुओं को राजनीति से बाहर कर देती है।

बता दें कि अशोक तंवर सिर्फ आठ महीने पहले ही बीजेपी में शामिल हुए थे। अब चुनाव के दो दिन पहले उन्होंने फिर कांग्रेस का हाथ थाम लिया है। अशोक तंवर ने आज गुरुवार को महेंद्रगढ़ जिले के बवानिया गांव में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और भूपेंद्र सिंह हुड्डा की मौजूदगी में कांग्रेस की सदस्यता ली। राहुल गांधी ने उनको कांग्रेस का पटका पहनाकर पार्टी में स्वागत किया।

5 अक्टूबर को होगी वोटिंग

आपको बता दें कि हरियाणा में 5 अक्टूबर को पूरे 90 विधानसभा सीटों पर चुनाव होने हैं, जबकि 8 अक्टूबर को चुनाव के नतीजे घोषित किए जाएंगे। वहीं, आज यानी गुरुवार 3 अक्टूबर को विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार प्रसार का दौर थम गया है।

यह भी पढ़ें:- Haryana Polls: जेल में बंद कांग्रेस विधायक का बेटा बाहर घूमता दिखा, 400 करोड़ के घोटाले का है आरोप

7