Gurugram Murder: गुरुग्राम से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि यहां एक मां ने अपनी ढाई साल की बेटी का गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी मां ने कैंची से अपना गला काटकर आत्महत्या करने का प्रयास किया।
मामले के बारे में पता लगने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई, जिसके बाद आरोपी मां को अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया है, और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पूरा मामला गुरुग्राम के सेक्टर-9 सूर्या विहार इलाके का बताया जा रहा है। मृतक बच्ची की पहचान ढाई वर्षीय अनिका के तौर पर हुई है। वहीं आरोपी मां का नाम नेहा बताया जा रहा है। सोमवार को आरोपी महिला के पति ने पुलिस को मामले के बारे में सूचित किया था, कि बच्ची की हत्या कर दी गई है और मां ने भी जान देने की कोशिश की है।
पति-पत्नी के बीच हुआ था झगड़ा
पुलिस पूछताछ में आरोपी महिला के पति आधार शर्मा शर्मा ने बताया कि वह अपनी पत्नी और बेटी के साथ सूर्या विहार में किराए के मकान में रह रहे थे। उन्होंने आगे बताया कि सोमवार की सुबह उनका अपनी पत्नी के साथ किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। आधार शर्मा झगड़े के बाद अपनी ड्यूटी पर चले गए।
आरोपी महिला से होगी पूछताछ
शाम करीब 6 बजे जब वे ऑफिस से घर वापस आए, तो उन्होंने अपनी पत्नी और बेटी को घायल अवस्था में देखकर दंग रह गए। तुरंत दोनों को आर्टिमेस अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने बच्ची अनिका को मृत घोषित कर दिया, जबकि पत्नी की हालत गंभीर बनी हुई है। पति के मुताबिक उनकी पत्नी नेहा ने पहले बेटी अनिका की हत्या की और फिर खुद कैंची से अपना गला काट लिया।
SHO अवतार सिंह का कहना है कि शुरुआती मामला घरेलू विवाद का बताया जा रहा है। हालांकि अब तक वारदात की सटीक वजह का पता नहीं लग पाया है। पुलिस नेहा शर्मा के होश में आने के बाद मामले को लेकर उससे पूछताछ करेगी।