हरियाणा के पानीपत में चंद रुपयों के लालच और गुस्से ने 17 साल के किशोर की जान ले ली। यह पूरी वारदात मात्र 10 रुपये के मामूली विवाद से शुरू हुई थी। पानीपत पुलिस की सीआईए (CIA) टीम ने मुस्तैदी दिखाकर हत्याकांड की गुत्थी सुलझा ली है। साथ ही तीन मुख्य आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया है।
आरोपी 60 की जगह 50 रुपये दे रहे थे गोलगप्पे खाकर
जांच में यह तथ्य उभरकर आया है कि आरोपियों ने अश्वनी की रेहड़ी पर रुककर गोलगप्पे खाए थे। जब भुगतान की बारी आई, तो आरोपियों ने अश्वनी को 50 रुपये दिए। हालांकि, कुल बिल 60 रुपये का बना था। जब अश्वनी ने अपने हक के बाकी बचे 10 रुपये मांगे, तो आरोपी तैश में आ गए और उनके बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। उस समय तो वे युवक वहां से चले गए, लेकिन उनके मन में रंजिश बैठ गई थी।
रास्ते में घेरकर किया जानलेवा हमला
शनिवार की रात करीब 8:15 बजे जब अश्वनी दिनभर की मेहनत के बाद रेहड़ी लेकर कुटानी रोड स्थित रानी महल के पास से घर लौट रहा था तभी घात लगाकर बैठे 4-5 हमलावरों ने उसे चारों तरफ से घेर लिया। बिना किसी चेतावनी के आरोपियों ने अश्वनी पर चाकुओं से ताबड़तोड़ प्रहार शुरू कर दिया। उसके पेट, छाती और पसलियों पर 5 से अधिक गहरे घाव किए। लहूलुहान हालत में अश्वनी को सड़क पर तड़पता छोड़ आरोपी फरार हो गए।
अस्पताल ले जाते समय मौत
घटना की सूचना मिलते ही बदहवास परिजन मौके पर पहुंचे और अश्वनी को तुरंत पानीपत के नागरिक अस्पताल ले गए। किशोर की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे रोहतक PGI रेफर कर दिया। अश्वनी की चोटें इतनी गहरी थीं कि उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
मृतक अश्वनी उत्तर प्रदेश के कानपुर (बिलहापुर) का निवासी था। वह परिवार की मदद करने के लिए महज चार दिन पहले ही काम की तलाश में पानीपत आया था। उसे क्या पता था कि जिस शहर में वह सपने लेकर आया है, वहां मात्र 10 रुपये उसकी मौत का कारण बन जाएंगे।
मदद के बजाय वीडियो बनाते रहे लोग
इस पूरे मामले का सबसे दुखद पहलू अश्वनी के जीजा, नंदकिशोर ने उजागर किया। उन्होंने बताया कि जब अश्वनी सड़क पर पड़ा जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहा था, तब वहां से गुजरने वाले लोग उसकी मदद करने के बजाय अपने मोबाइल से वीडियो बना रहे थे। एक 12 सेकंड के वीडियो में साफ दिख रहा है कि अगर समय रहते उसे कोई अस्पताल पहुंचा देता, तो शायद उसकी जान बच सकती थी। राहगीरों की यह संवेदनहीनता समाज पर एक बड़ा सवालिया निशान लगाती है।
तीन आरोपी गिरफ्तार
पानीपत पुलिस ने सक्रियता दिखाकर मामले की छानबीन की और सीसीटीवी फुटेज व अन्य सबूतों के आधार पर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपियों का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। फिलहाल, पुलिस अन्य फरार साथियों की तलाश में छापेमारी कर रही है और आरोपियों से पूछताछ जारी है।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।