Dushyant Chautala on Arvind kejariwal: हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला बीजेपी से अलग होने के बाद लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुट गए हैं। वे लगातार प्रदेश में जनसंपर्क कर रहे हैं। इस बीच उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि प्रदेश की सभी 10 लोकसभा सीट पर जननायक जनता पार्टी चुनाव लड़ेगी। सभी सीटों पर मजबूत उम्मीदवारों को मैदान में उतारा जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता बढ़चढ़ कर लोकतंत्र के इस पर्व में हिस्सा लेगी और पार्टी के कार्यकर्ता बखूबी अपनी जिम्मेदारियों को निभायेंगे।

केजरीवाल की गिरफ्तार पर जेजेपी नेता का बयान

इस बीच उन्होंने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर भी बयान दिया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के ऊपर गंभीर आरोप लगे हैं। उन्होंने कहा कि शराब नीति मामले में जो घोटाला हुआ है, वह बहुत ही गंभीर मामला है। यह जांच का विषय है। केंद्रीय जांच एजेंसी अपना काम कर रही हैं। इसके साथ ही लोकसभा चुनाव से पहले बीजेपी के अलग होने के सवाल पर दुष्यंत चौटाला ने आगे कहा कि राजनीति में फायदा और नुकसान होता रहता है।

'फायदा नुकसान की राजनीति नहीं करते'

हमने ईमानदारी से साढ़े चार साल काम किया। आगे भी करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि फायदा नुकसान की राजनीति न तो कभी चौधरी देवीलाल ने की और न कभी हमने की। राजनीति कभी फायदे और नुकसान के लिए नहीं की जाती। 2019 में जब हम लोकसभा का चुनाव लड़े तो कुल मिलाकर 10 सीटों पर हमें 7 लाख से ज्यादा वोट मिले अब हमें इसे बढ़ाना है।

अगर ये बढ़ेगा तो हमारा संगठन भी बढ़ेगा। तभी हम 10 विधायक से 46 विधायक तक का सफर तय कर पाएंगे। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी के पूरी मेहनत से लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुटी है। इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस पर हमला भी बोला। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि यह कांग्रेस का आखिरी चुनाव है।

ये भी पढ़ें:- Devilal के कुनबे के बीच होगा चुनावी घमासान: दुष्यंत को छोड़कर परिवार के लिए अब तक बंजर रही हिसार की सियासी भूमि