विवाहित पीड़िता के साथ ना सिर्फ उसके ससुर ने बल्कि देवर सागर द्वारा भी शर्मनाक हरकत करने मामला सामने आया है।यही नहीं बल्कि स्नैपचैट का पासवर्ड हासिल कर सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट डालने की धमकी भी दी।

नूंह जिले से एक बेहद घिनौना और शर्मनाक मामला सामने आया है, जहाँ एक विवाहिता ने अपने ही ससुर, पति और अन्य ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोपी ससुर एक सरकारी स्कूल में प्रिंसिपल के पद पर तैनात है। पुलिस ने पीड़िता के पिता की शिकायत पर 5 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पिता ने दी पुलिस में शिकायत
पीड़िता के पिता (निवासी बास बुर्जा, डीग, राजस्थान) ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी बेटी की शादी 20 फरवरी 2022 को पिनगवां निवासी गौरव से हुई थी। शादी के बाद से ही ससुर गिरीराज की नियत अपनी बहू पर खराब थी, जो अक्सर उसे परेशान करता था।

ससुर की 'दरिंदगी' और ब्लैकमेलिंग का जाल
शिकायत के अनुसार, 24 जून 2025 की रात जब पीड़िता का पति घर पर नहीं था, तो प्रिंसिपल ससुर गिरीराज जबरन उसके कमरे में घुस गया और गलत काम करने की कोशिश की। पीड़िता के शोर मचाने पर घर के अन्य सदस्य मनोज, ललिता (सरपंच) और सागर मौके पर पहुंचे, लेकिन उन्होंने पीड़िता का बचाव करने के बजाय उसी के साथ मारपीट की। आरोपी देवर सागर ने पीड़िता का स्नैपचैट पासवर्ड हासिल कर लिया और सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट डालकर उसे लगातार ब्लैकमेल करने लगा। वह महिला पर संबंध बनाने का दबाव बना रहा था और मना करने पर बदनाम करने की धमकी दे रहा था।

इन आरोपियों पर दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने महिला थाना नूंह में पति गौरव, ससुर प्रिंसिपल गिरीराज, मनोज, सरपंच ललिता और सागर के खिलाफ BNS की संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है।

पुराना 'क्रिमिनल ट्रैक रिकॉर्ड'
हैरानी की बात यह है कि इस मामले में नामजद ससुर गिरीराज, मनोज और सरपंच ललिता पहले से ही कानूनी घेरे में हैं। इसी साल जनवरी में इन तीनों के खिलाफ 'मनरेगा घोटाले' को लेकर भी मुकदमा दर्ज किया गया था। अब महिला के साथ छेड़छाड़ और ब्लैकमेलिंग का केस दर्ज होने से इनकी मुश्किलें और बढ़ गई हैं।

पुलिस की कार्रवाई
मामले की जांच एएसआई आशा को सौंपी गई है। डीएसपी स्तर के अधिकारी मामले की गहनता से पड़ताल कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि सबूतों के आधार पर जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।