प्रेम में धोखे की कई वारदातें सामने आती है लेकिन कुछ ऐसी भी है जो रुह कपां देती है ऐसा ही एक मामला यमुनानगर से सामने आया है जिसने इंसानियत की हदें पार कर दी। यह मामला है राजीव का, जिसकी हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसकी प्रेमिका स्नेहा और उसके एक्स-बॉयफ्रेंड अमित ने मिलकर की थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जन्मदिन के दिन बिछाया मौत का जाल
मृतक राजीव की मां ज्योति के अनुसार, 27 फरवरी को राजीव का जन्मदिन था। वह घर से यह कहकर निकला था कि वह अपना जन्मदिन मनाने हरिद्वार जा रहा है, लेकिन वह वापस नहीं लौटा। जांच में सामने आया कि स्नेहा उसे घुमाने के बहाने आदिबद्री के जंगलों में ले गई थी, जहां पहले से ही साजिश के तहत अमित मौजूद था।
हत्या के समय क्रूरता की सारी हदें पार
डीएसपी आशीष चौधरी ने प्रेस वार्ता में बताया कि हत्या की वारदात को अंजाम देने के लिए अमित ने बेहद क्रूर तरीका अपनाया।अमित ने स्नेहा को वापस भेज दिया और राजीव को नशीला पदार्थ खिलाया। जब राजीव नशे की हालत में था, तब अमित ने रस्सी से उसका गला घोंट दिया।आरोपी ने राजीव के मुंह में फेविकॉल (चिपकने वाला पदार्थ) भरा और पास पड़ी एक चुन्नी उसके मुंह में ठूंस दी ताकि उसकी पहचान मिटाई जा सके या वह चिल्ला न सके। इसके बाद शव को टपरी के श्मशान घाट के पास फेंक दिया।
टैटू से हुई मृतक की पहचान
रविवार को जब पुलिस को अज्ञात शव मिला, तो शरीर पर गुदे टैटू जांच में अहम साबित हुए। राजीव के शरीर पर तीन टैटू थे। बायीं बाजू पर 'S'का टैटू और दाहिनी बाजू पर 'Rajiv'छाती पर 'SNEHA'लिखा हुआ था। इन्हीं निशानों और गुमशुदगी की रिपोर्ट के आधार पर शव की शिनाख्त शंकरपुरी कॉलोनी निवासी राजीव के रूप में हुई।
त्रिकोणीय प्रेम प्रसंग बनी हत्या की वजह
पुलिस पूछताछ में पता चला कि स्नेहा का अमित के साथ करीब 8 साल से प्रेम प्रसंग था, लेकिन हाल ही में उसका अफेयर राजीव के साथ शुरू हो गया था। अमित और राजीव के बीच स्नेहा को लेकर अक्सर रंजिश रहती थी। इसी कांटे को रास्ते से हटाने के लिए दोनों पूर्व प्रेमियों (स्नेहा और अमित) ने हाथ मिलाया और राजीव को ठिकाने लगा दिया।
पुलिस ने की कार्रवाई
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अब उन्हें कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा ताकि वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक, मोबाइल और अन्य सबूत जुटाए जा सकें।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।









