मशहूर रैपर और सिंगर बादशाह का 'टटीरी' गाना विवादों के भंवर में फंस गया है। गाने में इस्तेमाल किए गए आपत्तिजनक शब्दों और दृश्य फिल्मांकन को लेकर हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन रेणू भाटिया का रुख बेहद सख्त बना हुआ है। आयोग ने बादशाह की माफी को खारिज करते हुए उन्हें 13 मार्च को पानीपत एसपी ऑफिस में तलब किया है।
भाटिया ने कहा गाने के "शब्दों का दूसरा अर्थ बताएं"
रेणू भाटिया ने सीधे तौर पर बादशाह को चुनौती दी है। उन्होंने कहा, "मेरे पास कई लोगों के फोन आए कि हमने गाने के शब्दों का गलत मतलब निकाला है। मैं बादशाह से पूछना चाहती हूं कि वह इन शब्दों का कोई भी दूसरा अर्थ—चाहे वह फ्रेंच, जर्मन, इटालियन या किसी भी भाषा में हो—सिद्ध करके दिखा दें। महिलाओं को गंदे नजरिए से पेश करना किसी भी कीमत पर स्वीकार्य नहीं है।"
गाने पर क्यों उठा घमासान?
- अपत्तिजनक कंटेंट: गाने में स्कूली छात्राओं को ड्रेस पहनकर बैग फेंकते हुए दिखाया गया है। इसके अलावा, हरियाणा रोडवेज की बस और सरकारी स्कूल का बिना अनुमति उपयोग करना भी विवाद का बड़ा कारण बना है।
- बोल पर सवाल: गाने में इस्तेमाल किए गए कुछ विशेष बोल, जो कथित तौर पर महिलाओं के प्रति अपमानजनक हैं, उन पर आयोग ने कड़ा एतराज जताया है।
- अधिकारों का उल्लंघन: चेयरपर्सन ने स्पष्ट कहा है कि यदि बादशाह 13 मार्च को पेश नहीं होते हैं, तो आयोग हरियाणा में इस गाने को बैन कराने की दिशा में कदम उठाएगा।
"कलाकारों के लिए सबक जरूरी"
रेणू भाटिया ने अन्य कलाकारों को भी नसीहत दी है। उन्होंने कहा कि जब एक को सजा मिलती है, तो बाकी अपने आप सीधे हो जाते हैं। उन्होंने जानकारी दी कि आयोग अब हरियाणा सरकार को पत्र लिखकर एक सेंसर बोर्ड या निगरानी समिति के गठन की मांग करेगा। इससे कोई भी गाना रिलीज होने से पहले चेक किया जाएगा और अनुमति मिलने के बाद ही उसे सार्वजनिक किया जाएगा।
जांच के दायरे में प्रोडक्शन टीम
विवाद की जड़ में आए इस गाने की शूटिंग जींद और दुबई में हुई थी। रोडवेज प्रशासन ने भी बिना अनुमति सरकारी बस के इस्तेमाल पर संज्ञान लिया है। फिलहाल, महिला आयोग और सरकारी टीम इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है, जिससे बादशाह और अन्य प्रोडक्शन टीम की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।










