Faridabad: पल्ला थाना क्षेत्र के नवीन नगर में वीरवार को यमुना के किनारे एक 12 साल के बच्चे का शव मिला। शव पड़ा देख लोगों की भीड़ लग गई और सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। साथ ही एफएसएल एक्स्टपर्ट टीम को भी बुलाया गया। शव पर मिले कपड़ों से बच्चे की पहचान शिव कॉलोनी के रहने वाले अमीन के तौर पर हुई। शव बेहद क्षत-विक्षत हालत में था और परिवार ने उसे कपड़ों से ही पहचाना। शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेजा गया। पुलिस मामले में जांच कर रही है।

यमुना नदी में नहाने गया था नाबालिग

जानकारी अनुसार शिव कॉलोनी में रहने वाले लियाकत का बेटा अमीन 23 अप्रैल को यमुना नदी में नहाने के लिए गया था। लियाकत का कहना है कि उसका बेटा अमीन इसके बाद घर नहीं लौटा। शाम तक परिवार उसका इंतजार करता रहा। इसके बाद तलाश शुरू की और सूचना पुलिस को दी गई। पल्ला थाना में मामले की शिकायत दर्ज कराई गई। लियाकत ने बताया कि वीरवार को कुछ लोग मछली पकड़ने के लिए यमुना नदी में गए थे। उनकी नजर बच्चे के शव पर पड़ी। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। शव पूरी तरह से क्षत-विक्षत हालत में था। चेहरा देखकर बच्चे की पहचान करना मुश्किल था। उसके पहने हुए कपड़ों से बच्चे की पहचान हो पाई।

क्या कहते है थाना प्रभारी

पल्ला थाना एसएचओ समेर ने बताया कि उनको सुबह सूचना मिली कि यमुना के नजदीक एक बच्चे का शव पड़ा हुआ है। इसके बाद वे मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम को भी सूचना देकर मौके पर बुलाया गया। आवश्यक कार्रवाई व पहचान के बाद शव को कब्जे में लेकर बीके नागरिक अस्पताल भेजा गया। कपड़ों से बच्चे की पहचान कराई गई। पुलिस मामले में गंभीरता से जांच पड़ताल कर रही है। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया जाएगा।