Chandigarh News: कांग्रेस नेताओं ने नगर निगम ऑफिस के बाहर मांगी भीख, इस वजह से किया विरोध-प्रदर्शन

Congress protest outside Chandigarh Municipal Corporation
X
चंडीगढ़ नगर निगम के बाहर कांग्रेस का प्रदर्शन।
Chandigarh News: चंडीगढ़ नगर निगम में कांग्रेस नेताओं ने आज बीजेपी सरकार के खिलाफ हल्ला बोला। साथ ही, कांग्रेस पार्षदों और नेताओं ने निगम कार्यालय के बाहर भी विरोध प्रदर्शन किया। जानिये बवाल के पीछे की वजह...

Congress Protest In Chandigarh: चंडीगढ़ नगर निगम को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। काफी लंबे समय से निगम के कर्मचारियों को सैलरी नहीं मिल पा रही है, जिसको को लेकर कई बार विरोध प्रदर्शन भी किया गया। वहीं, अब इस विरोध में कांग्रेस नेता और पार्षद भी शामिल हो गए हैं। शुक्रवार को कांग्रेस के पार्षदों ने हाथ में कटोरा लेकर निगम कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया है। प्रदर्शनकारियों ने चंडीगढ़ प्रशासन, प्रधानमंत्री और गृह मंत्री से मांग की है कि जल्द से जल्द निगम को फंड उपलब्ध करवाया जाए। उनका कहना है कि फंड न होने के चलते निगम क्षेत्र में विकास के काम रुके हुए हैं।

बीजेपी सरकार पर लगाए आरोप

चंडीगढ़ नगर निगम में वित्तीय संकट के लिए कांग्रेस नेता बीजेपी सरकार को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। कांग्रेस पार्षदों का कहना है कि चंडीगढ़ में बीजेपी का मेयर और प्रशासक होने के बावजूद भी निगम को वित्तीय संकट का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस का आरोप है कि चंडीगढ़ की जनता को इस वित्तीय संकट के नीचे दबाया जा रहा है। इसके विरोध में कांग्रेस नेताओं के हाथ में कटोरा था और वह नगर निगम मुख्यालय के सामने से गुजरने वाले लोगों से उसमें पैसा डालने की अपील कर रहे थे।

इस वजह नहीं दिया जा रहा फंड

साथ ही कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि चंडीगढ़ नगर निगम की हालत बेहद ही खराब हो गई है, जिसके चलते कर्मचारियों को वेतन भी नहीं दिया जा रहा है। ऐसे में शहर में विकास कार्य रुके होने के साथ ही कोई नया प्रोजेक्ट शुरू नहीं हो पा रहा है। निगम कार्यालय के बाहर कांग्रेस अध्यक्ष एच एस लकी और उनके साथ में सभी कांग्रेस पार्षद कटोरा लेकर भीख मांगते दिखाई दिए। कांग्रेस पार्षदों का कहना है कि बीजेपी सरकार नगर निगम में जानबूझकर ऐसे हालात पैदा कर रही है। उनका कहना है कि चंडीगढ़ से कांग्रेस पार्टी का सांसद होने के नाते चंडीगढ़ नगर निगम के साथ भेदभाव किया जा रहा है।

ये भी पढ़ें: हरियाणा बजट सत्र का पहला दिन: राज्यपाल ने गिनाई सरकार की उपलब्धियां, चौटाला-मनमोहन सिंह को दी श्रद्धांजलि, अब इस दिन होगी कार्यवाही

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story