Haryana Cabinet Expansion: नायब सैनी सरकार का बढ़ा कुनबा, आठ विधायकों ने ली शपथ, एक कैबिनेट मंत्री और सात को स्वतंत्र प्रभार

Nayab Saini Cabinet Expansion
X
नायब सैनी सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार
हरियाणा में नायब सैनी सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार हो गया है। आज आठ विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली, जिसमें एक को कैबिनेट मंत्री और बाकी सात को स्वतंत्र प्रभार सौंपा गया है।

Haryana Cabinet Expansion: हरियाणा में जजपा के साथ गठबंधन तोड़ने के बाद मनोहर लाल ने इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद विधायक दल की बैठक में नायब सैनी को सभी ने एक स्वर से नया सीएम चुना। मनोहर लाल के इस्तीफा देने के बाद बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष नायब सिंह सैनी ने 12 मार्च को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। इस दौरान नायब सैनी के साथ बीजेपी के चार और एक निर्दलीय विधायक ने मंत्री पद की शपथ ली थी। अब आज मंत्रिमंडल के विस्तार को लेकर शपथ ग्रहण समारोह हुआ। इस दौरान आठ विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली, जिसमें से एक को कैबिनेट मंत्री बनाया गया है और बाकी सात विधायकों को स्वतंत्र प्रभार सौंपा गया है।

इन आठ विधायकों ने ली शपथ

सीएम नायब सैनी ने सोहना से विधायक संजय सिंह, बवानीखेड़ा से विधायक विशंभर वाल्मीकि, बड़खल विधायक सीमा त्रिखा, पानीपत ग्रामीण विधायक महिपाल ढांडा, अंबाला सिटी से विधायक असीम गोयल, नांगल चौधरी से विधायक डॉ. अभय सिंह यादव, थानेसर से विधायक सुभाष सुधा को राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार सौंपा है। इसके अलावा हिसार से विधायक कमल गुप्ता ने कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली है।

मुख्यमंत्री नायब सैनी का नया मंत्रिमंडल

कंवरपाल गुर्जर, मूलचंद शर्मा, रणजीत सिंह चौटाला, जेपी दलाल, डॉ. बनवारी लाल, डॉ. कमल गुप्ता को कैबिनेट में शामिल किया गया है। बता दें कि पूर्व सीएम मनोहर लाल की कैबिनेट में शामिल अनिल विज, ओमप्रकाश यादव, संदीप सिंह और कमलेश का पत्ता कट गया है।

सीएम ने नए साथियों का किया स्वागत

हरियाणा सीएम नायब सैनी ने मंत्रिमंडल में सभी नए 8 मंत्रियों का स्वागत किया है। इसको लेकर उन्होंने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर एक पोस्ट किया। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा कि मंत्रिमंडल में सभी 8 नए साथियों का स्वागत अभिनंदन। आप सबके प्रशासनिक कौशल और योग्यता से हरियाणा सुशासन के मार्ग पर चलेगा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सपनों का विकसित भारत विकसित हरियाणा का संकल्प पूरा होगा। ऐसा मेरा दृढ़ विश्वास है।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story