Chief Minister Manohar Lal News। 22 जनवरी को अध्योध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के दौरान करनाल के कर्णश्वेर मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाल 8 फरवरी को अध्योध्या पहुंचकर रामलला के दर्शन करेंगे। उन्होंने मंगलवार को जनशताब्दी में सवार होकर चंडीगढ़ से रोहतक आते समय पानीपत रेलवे स्टेशन पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान यह जानकारी दी। मुख्यमंत्री रोहतक आने के लिए जनशताब्दी में सवार होकर पानीपत पहुंचे थे। पानीपत स्टेशन पर उतरने के बाद पार्टी नेताओं व अधिकारियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। स्टेशन पर उतरने के बाद मुख्यमंत्री ने स्टेशन पर बने रेलवे के गेस्ट हाउस में नाश्ता किया तथा कुछ समय रूकने के बाद अपने काफिले में सवार होकर रोहतक के लिए रवाना हो गए। पानीपत रेलवे स्टेशन पहुंचने पर भाजपा के जिला अध्यक्ष दुष्यंत भट्ट व प्रशासनिक अधिकारियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
करनाल में झूमे थे मुख्यमंत्री
अध्योध्या में 22 जनवरी को आयोजित रामलला की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के दौरान पूरा हरियाणा राममय नजर आया था। शहर से गांव तक मंदिर व चौक चौराहों पर जय श्रीराम के जयघोष सुनाई दे रहे थे। रात को दीयों से दिवाली जैसा माहौल नजर आया था। मुख्यमंत्री मनोहर लाल करनाल के कर्णश्वेर मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए थे। जहां न केवल उन्होंने पूजा अर्चना की थी, बल्कि बच्चों को कंधों पर उठाकर झूमते भी नजर आए थे।
महिला पीजी कॉलेज में होगा कार्यक्रम
नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर रोहतक के राजकीय महिला पीजी कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मनोहर लाल शामिल होंगे। रोहतक पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री मॉडल टाउॅन स्थित गुफा वाला मंदिर में मत्था टेकेंगे तथा फिर नेताजी की प्रतिमा पर पुष्पार्पित करने के बाद महिला कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे।
सुरक्षा व्यवस्था चौक चौबंद
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए शहर में सुरक्षा व्यवस्था को चौक चौबंद किया गया है। सोमवार शाम से ही शहर में जगह जगह तैनात सुरक्षा कर्मी संदिग्धों के साथ वाहनों की भी जांच कर रहे हैं।










