haribhoomi hindi news
पश्चिमी यमुना नहर में छलांग लगाई। बदहवास पत्नी लोगों को लेकर फतेहपुर पुल पर पहुंची। सूचना मिलते ही पुलिस और गोताखोरों ने सर्च ऑपरेशन चलाया और करीब एक घंटे बाद शव बरामद किया।

हरियाणा के यमुनानगर में सत्र न्यायालय (Session Court) में कार्यरत अकाउंटेंट ने मानसिक तनाव के चलते पश्चिमी यमुना नहर में कूदकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। चौंकाने वाली बात यह है कि मौत को गले लगाने से ठीक पहले उन्होंने अपनी पत्नी को वीडियो कॉल कर इस खौफनाक कदम की जानकारी दी थी।

वीडियो कॉल से पत्नी के उड़ गए होश 
मृतक की पहचान जगाधरी की गांधी धाम कॉलोनी के निवासी सुरेश कुमार (55) के रूप में हुई है। शनिवार सुबह सुरेश ने फतेहपुर पुल के पास पहुंचकर अपनी पत्नी को वीडियो कॉल लगाया। उन्होंने बदहवास हालत में अपनी पत्नी से कहा कि वह अब जीना नहीं चाहते और नहर में छलांग लगाने जा रहे हैं।
जैसे ही फोन कटा, बदहवास पत्नी चीखते-चिल्लाते हुए पड़ोसियों के पास पहुंची। आनन-फानन में स्थानीय लोगों और पुलिस प्रशासन को सूचना दी गई। 

एक घंटे बाद मिला शव 
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल, गोताखोर और एसडीआरएफ (SDRF) की टीमें मौके पर पहुंचीं। फतेहपुर पुल पर सुरेश की मोटरसाइकिल लावारिस हालत में खड़ी मिली। गोताखोरों ने तुरंत उफनती नहर में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सुरेश कुमार का शव पानी से बाहर निकाला जा सका। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया है। 

कुछ दिनों से काफी तनाव में थे 
परिजनों के अनुसार, सुरेश कुमार पिछले कुछ दिनों से काफी तनाव में थे। उनके दोनों बेटे विदेश में रहते हैं और घर पर वह अपनी पत्नी के साथ रहते थे। बताया जा रहा है कि कोर्ट में अकाउंटेंट के पद पर कार्य के दौरान उनसे लेन-देन (ट्रांजेक्शन) से जुड़ी कोई तकनीकी त्रुटि हो गई थी। इस गलती के लिए विभाग द्वारा उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। परिजनों का मानना है कि इसी नोटिस और विभागीय कार्रवाई के डर से वे गहरे मानसिक अवसाद में चले गए थे, जिसके परिणामस्वरूप उन्होंने यह कठोर कदम उठाया। 

पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए 
जांच अधिकारी सुमन कुमार ने बताया कि मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या नोटिस के अलावा भी कोई अन्य दबाव उन पर था। फिलहाल, धारा 174 के तहत कार्रवाई की जा रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी। 

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ। 

7