शिक्षा के मंदिर में एक 13 साल की मासूम छात्रा के साथ हुए उत्पीड़न और छेड़छाड़ के मामले ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है। निगदू थाना क्षेत्र के एक सरकारी स्कूल में पढ़ने वाली छात्रा के साथ हिस्ट्री टीचर द्वारा की गई घिनौनी हरकत का खुलासा होने के बाद पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले में स्कूल के हेडमास्टर की भूमिका भी सवालों के घेरे में है।
पुलिस को दी गई शिकायत
पीड़िता की मां द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, आरोपी शिक्षक रणधीर (निवासी गांव कारसाडोड) ने छात्रा को अपना शिकार बनाया।आरोपी टीचर ने पहली बार 28 फरवरी 2026 को दोपहर 12 बजे छात्रा के साथ छेड़छाड़ की। इसके बाद 2 मार्च को भी उसने छात्रा के साथ गलत हरकत करने का प्रयास किया।
घिनौनी हरकत करने के बाद दी धमकी
आरोपी ने मासूम छात्रा को जान से मारने की धमकी दी थी, जिस कारण वह डर के मारे कुछ दिनों तक चुप रही।6 मार्च को छात्रा ने पूरी आपबीती अपनी मां को रोते हुए सुनाई, जिसके बाद परिजनों के होश उड़ गए।
हेडमास्टर ने किया केस दबाने का प्रयास
इस मामले का सबसे चौंकाने वाला पहलू हेडमास्टर पर लगे आरोप हैं। पीड़िता के अनुसार, जब वह अपनी शिकायत लेकर स्कूल के हेडमास्टर के पास गई थी, तो उन्होंने मामले को सुलझाने के बजाय इसे दबाने की कोशिश की। आरोप है कि हेडमास्टर ने छात्रा को धमकाते हुए कहा कि वह किसी से कुछ न कहे, वरना स्कूल की बदनामी होगी।
थाना प्रभारी ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
पुलिस ने मां की शिकायत के आधार पर आरोपी शिक्षक रणधीर के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। निगदू थाना प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।










