Logo
election banner
Kurukshetra Lok Sabha Seat: बीजेपी प्रत्याशी नवीन जिंदल ने आज नामांकन दाखिल किया है। इस दौरान उनके साथ प्रदेश के सीएम नायब सैनी भी मौजूद रहे।

Naveen Jindal Filed Nomination: हरियाणा की कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट से बीजेपी प्रत्याशी नवीन जिंदल ने आज 2 मई को नामांकन दाखिल किया। इस दौरान उनके साथ प्रदेश के सीएम नायब सैनी और राज्यमंत्री सुभाष सुधा मौजूद रहे। नवीन जिंदल की कवरिंग प्रत्याशी के रूप में उनकी पत्नी शालू जिंदल ने भी नामांकन दाखिल किया। नामांकन दाखिल करने के बाद नवीन जिंदल मीडिया से रूबरू हुए।

मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट के सभी इलाकों का चौमुखा विकास करेंगे। जनता का प्यार और समर्थन मिल रहा है। लोगों को प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व और भाजपा पर भरोसा है। हरियाणा सरकार ने पिछले 9 वर्षों में बहुत सारे विकास कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी दूर करने के लिए कौशल विद्या केंद्र खोलेंगे, जिससे युवाओं को रोजगार मिल सके। इस केंद्र में हर साल 10 हजार युवाओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा।

सीएम सैनी बोले- प्रदेश की सभी सीटों पर जीतेंगे

वहीं, सीएम नायब सैनी ने कहा कि हम हरियाणा की 10 की 10 लोकसभा की सीट जीतेंगे। पूरे हरियाणा में ही नहीं बल्कि पूरे देश में एक ही माहौल है, PM नरेंद्र मोदी ने गरीब के हित में लाभ पहुंचाया है, महिला को सशक्त किया है, किसानों को मजबूत किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है। आज इसको लेकर पूरे देश और प्रदेश में एक सकारात्मक माहौल है। पीएम मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बनेंगे। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि नवीन जिंदल यहां बहुत अंतर से सीट जीतेंगे।

10 साल बाद राजनीति में कर रहे हैं वापसी

बता दें कि नवीन जिंदल जेएसडब्ल्यू ग्रुप के चेयरमैन हैं। नवीन जिंदल हरियाणा की राजनीति में एक बड़ा नाम भी हैं। उन्होंने इसी साल मार्च में ही कांग्रेस से इस्तीफा देकर भारतीय जनता पार्टी का दामन थामा था। इसके बाद बीजेपी ने उन्हें कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट से उम्मीदवार बना दिया।

ये भी पढ़ें:- नवीन जिंदल का कैथल में विरोध, किसानों ने पूछा- कोयल चोर बताने वाली बीजेपी में क्यों गए

इससे पहले पहले भी नवीन जिंदल कुरुक्षेत्र सीट से 2004 और 2009 का लोकसभा चुनाव जीत चुके हैं। नवीन जिंदल यूपीए सरकार के कार्यकाल में केंद्रीय मंत्री भी रह चुके हैं। 2014 में हुए लोकसभा चुनाव में नवीन जिंदल चुनाव हार गए। इसके बाद जिंदल परिवार राजनीति से दूर हो गया। करीब 10 साल बाद जिंदल परिवार एक बार फिर राजनीति में वापसी किया है।

नवीन जिंदल और सुशील गुप्ता के बीच होगा मुकाबला

नवीन जिंदल के सामने इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी सुशील गुप्ता मैदान में हैं। वह पिछले कुछ महीने से कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट पर जमे हुए हैं। लगातार जनसंपर्क कर रहे हैं। आम आदमी पार्टी ने उनके समर्थन में मार्च में सबसे बड़ी रैली की थी। इस रैली में दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल और पंजाब के सीएम भगवंत मान शामिल हुए थे।

रैली में लाखों लोग शामिल हुए थे। ऐसे में दोनों प्रत्याशियों के बीच के मुकाबला इस बार काफी दिलचस्प होगा। खास बात यह है कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट से सीएम नायब सैनी का गढ़ है, उन्होंने 2019 के लोकसभा चुनाव में जीत दर्ज की थी। उनकी भी प्रतिष्ठा इस बार दांव पर लगी है। इसलिए इस बार का चुनाव काफी रोचक बना हुआ है।  

5379487