भाजपा पर तीखा वार करते हुए बोली सैलजा: 400 पार का प्रोपगेंडा जनता ने किया फेल, अब राज्य से सरकार की विदाई तय

MP Kumari Selja
X
सांसद कुमारी सैलजा। 
सांसद कुमारी सैलजा ने भाजपा पर तीखा वार करते हुए कहा कि पिछले दस सालों से भाजपा केंद्र व राज्य की सत्ता में काबिज है। लोकसभा चुनावों में जनता ने भाजपा को उसकी औकात दिखा दी।

Ambala: पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सिरसा से सांसद कुमारी सैलजा ने कांग्रेस की संदेश यात्रा-दो में कार्यकर्ताओं के साथ कारोबारियों व आम जनता को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे व पूर्व अध्यक्ष एवं सांसद राहुल गांधी का संदेश दिया। इस दौरान सैलजा ने सत्ताधारी दल भाजपा की खूब बखिया उधेड़ी। यात्रा के दौरान उन्होंने केंद्र व राज्य सरकार पर तीखा हमला किया और कहा कि आने वाले समय में भाजपा की विदाई तय है।

400 पार के प्रोपगेंडा को जनता ने किया फेल

कुमारी सैलजा ने भाजपा पर तीखा वार करते हुए कहा कि पिछले दस सालों से भाजपा केंद्र व राज्य की सत्ता में काबिज है। इन लोकसभा चुनावों में जनता ने भाजपा को उसकी औकात दिखा दी। 400 पार के प्रोपगेंडा को जनता ने फेल कर दिया। भाजपा 400 पार तो नहीं हुई उल्टा 240 सीटों पर आकर अटक गई। अब उसे बैसाखियों के सहारे सरकार चलानी पड़ रही है। यह सरकार ज्यादा दिन चलने वाली नहीं है। राज्य में बेशक भाजपा को 2014 में पूर्ण बहुमत मिला था लेकिन 2019 में जनता ने भाजपा सरकार को नकार दिया। राज्य की हवा बदल चुकी है। मुश्किल हालात में भाजपा को अपना मुख्यमंत्री बदलना पड़ा। इससे साफ नजर आ रहा है कि डेढ़ दो महीने बाद होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा की राज्य से विदाई हो जाएगी।

हर वर्ग दुखी, शंभू बॉर्डर पर बनाई दीवार

कांग्रेस संदेश यात्रा के दौरान कुमारी सैलजा ने कहा कि राज्य की भाजपा सरकार से हर वर्ग दुखी है। सरकारी या फिर गैर सरकारी कर्मचारी, कारोबारी, दुकानदार, गरीब, मजदूर व किसान हर कोई सरकार के जुल्म से दुखी है। केंद्र सरकार के इशारे पर राज्य सरकार ने छह महीने से शंभू बॉर्डर बंद किया हुआ है। बॉर्डर पर नुकीली कीलें व कंकरीट की दीवारें खड़ी कर दी। इसे सरकार ने भारत-पाकिस्तान का बॉर्डर बना दिया। बॉर्डर के उस पार बैठे किसान सरकार की इस हरकत से परेशान है। सरकार की वजह से अंबाला के कारोबारी तबाही के कगार पर पहुंच गए हैं। होलसेल कपड़ा मार्केट में काम करने वाले दस हजार से ज्यादा कर्मचारियों की रोजी रोटी भी खतरे में हैं। कारोबारियों से लेकर हर कोई शंभू बॉर्डर बंद होने से परेशान है।

झूठ की बुनियादी पर टिकी भाजपा सरकार

कुमारी सैलजा ने कहा कि देश-प्रदेश की सरकार झूठ की बुनियाद पर टिकी हैं। इनके झूठ से प्रदेश के हर शहरवासी को अवगत कराने के लिए कांग्रेस संदेश यात्रा की शुरुआत की गई है। यह यात्रा सभी 22 जिलों में जाएगी। आम आदमी की लड़ाई लड़ने के लिए राहुल गांधी ने कन्याकुमारी से कश्मीर तक पदयात्रा की और फिर मणिपुर से महाराष्ट्र की यात्रा पर निकले। इसके बाद लोकसभा चुनाव से पहले प्रदेश में कांग्रेस संदेश यात्रा निकाली, जिसके बड़े ही सार्थक परिणाम चुनाव में देखने को मिले। भाजपा की केंद्र सरकार को आपने देख लिया, जिसकी बुनियाद ही झूठ पर रखी गई है। नौजवानों, बहनों के लिए हर बार झूठ बोला गया। हर साल दो-दो करोड़ नौकरी का वादा जुमला बन गया। घोटाले पर घोटाले होते रहे, लेकिन एक बार भी अंजाम तक कोई जांच नहीं पहुंची।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story