हरियाणा के फतेहाबाद जिले से जांडली खुर्द गांव में एक पति ने महज इस बात पर अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी क्योंकि उसने उससे काम पर न जाने को लेकर सवाल पूछा था। आरोपी ने वारदात को अंजाम देने के बाद शव को कमरे में ही छोड़ दिया और खुद श्मशान घाट में जाकर छिप गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।
क्या रही विवाद की मुख्य वजह?
मृतका सुदेश (दो बच्चों की मां) का परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। आरोपी सुखविंद्र सिंह पेशे से मजदूर है, लेकिन काम के प्रति उसकी लापरवाही अक्सर पति-पत्नी के बीच झगड़े का कारण बनती थी। 7 मार्च को सुखविंद्र मजदूरी करने गया था, लेकिन दोपहर में ही काम बीच में छोड़कर घर लौट आया। घर पहुंचते ही पत्नी सुदेश ने उससे सवाल किया कि "काम बीच में क्यों छोड़ा? अगर काम पर नहीं जाओगे तो घर का गुजारा कैसे चलेगा?"पत्नी का यह टोकना आरोपी को इतना नागवार गुजरा कि उसने घर में रखी कुल्हाड़ी उठाई और सुदेश पर जानलेवा हमला कर दिया।
7 सेंटीमीटर गहरा था घाव
वारदात की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि कुल्हाड़ी का वार पूरे जोर से किया गया था, जो 7 सेंटीमीटर गहरा था। इस घातक प्रहार से गर्दन की मुख्य नसें कट गईं, जिससे मौके पर ही अत्यधिक रक्तस्राव के कारण सुदेश की मौत हो गई। जब बच्चे स्कूल से घर लौटे, तो उन्होंने अपनी मां का शव लहूलुहान अवस्था में पड़ा देखा।
पुलिस गिरफ्त में आरोपी
वारदात के बाद आरोपी फरार नहीं हुआ, बल्कि गांव के ही एक श्मशान घाट में पौधों के बीच छिप गया। भूना पुलिस ने गहन तलाशी के बाद उसे वहीं से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। फिलहाल आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पहले भी होती थी मारपीट
मृतका के भाई राजबीर ने बताया कि सुदेश और उसकी बहन मुकेश की शादी जांडली खुर्द के ही दो सगे भाइयों के साथ हुई थी। सुखविंद्र का स्वभाव शुरू से ही हिंसक था और वह अक्सर सुदेश के साथ मारपीट करता था। कुछ महीने पहले भी पंचायत के जरिए दोनों में समझौता कराया गया था, लेकिन सुखविंद्र की हरकतें नहीं बदलीं और अंततः उसने अपनी पत्नी की जान ले ली।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।










