देश में ईंधन और रसोई गैस की कमी की चर्चाओं पर विराम लगाते हुए राजेश नागर ने कांग्रेस पर निशाना साधा।उन्होंने कहा कि गरीबों के हक का राशन डकारने वालो के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिये।

हरियाणा के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री राजेश नागर ने राशन वितरण प्रणाली में पारदर्शिता लाने के लिए डिपो होल्डरों को सख्त चेतावनी दी है। फरीदाबाद में मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि गरीबों के हक का राशन डकारने वाले डिपो होल्डरों के खिलाफ न केवल केस दर्ज होगा, बल्कि उनका लाइसेंस भी तुरंत कैंसिल कर दिया जाएगा।

डिपो होल्डरों के लिए 'जीरो टॉलरेंस' नीति
मंत्री राजेश नागर ने कहा कि हर परिवार को उसके हक का पूरा राशन मिलना सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने डिपो होल्डरों को हिदायत देते हुए कहा कि यदि किसी डिपो होल्डर से संबंधित कोई समस्या है, तो जनता सीधे मंत्री के कार्यालय में शिकायत कर सकती है।अगर विभाग स्तर पर शिकायतों का समाधान नहीं हो रहा है, तो मंत्री खुद उस पर संज्ञान लेंगे और संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करेंगे।सरकार राशन वितरण प्रणाली को डिजिटल और पारदर्शी बना रही है ताकि भ्रष्टाचार की गुंजाइश खत्म हो सके।

"गैस-पेट्रोल का पर्याप्त स्टॉक, कांग्रेस न फैलाए अफवाह"
देश में ईंधन और रसोई गैस की कमी की चर्चाओं पर विराम लगाते हुए राजेश नागर ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि "केंद्र और राज्य सरकारें मिलकर काम कर रही हैं। हमारे पास गैस, पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। कांग्रेस के लोग जनता के बीच केवल भ्रम और अफवाह फैलाने का काम कर रहे हैं।" मंत्री ने प्रशासन को आदेश दिए हैं कि जो लोग इस माहौल का फायदा उठाकर कालाबाजारी या जमाखोरी कर रहे हैं, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

जनता से अपील
राजेश नागर ने फरीदाबाद और प्रदेश की जनता से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और पैनिक न हों। सरकार हर जरूरी वस्तु की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित कर रही है।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।