हरियाणा और पंजाब के हॉकी प्लेयर करेंगे शादी: हिसार की उदिता कौर के होंगे जालंधर के मनदीप सिंह, इस दिन लेंगे सात फेरे

Hockey Players wedding: हरियाणा की रहने वाली महिला हॉकी टीम की डिफेंडर उदिता कौर बहुत जल्द पंजाब के रहने वाले भारतीय हॉकी टीम के खिलाड़ी मनदीप सिंह से शादी करने वाली हैं। बताया जा रहा है कि आने वाली 21 मार्च यानी शुक्रवार को दोनों सात फेरे लेंगे। जालंधर के मॉडल टाउन में गुरुद्वारा सिंह सभा में शादी का कार्यक्रम रखा जाएगा। दोनों के परिवार में शादी को लेकर तैयारियां में लगे हुए हैं। दोनों प्लेयर्स ने देश के नाम कई खेल पदक जीते हैं। संभावना है कि इनकी शादी में खेल और राजनीति से जुड़ी कई हस्तियां शामिल होंगी।
उदिता ने भारतीय महिला हॉकी टीम को चौथे पर पहुंचाया
जानकारी के मुताबिक, उदिता कौर हिसार के नंगल गांव की रहने वाली है। उनका जन्म 14 जनवरी 1998 को हुआ था। उदिता ने अपने करियर की शुरुआत हैंडबॉल से की थी। इसके बाद उन्होंने हॉकी खेलना शुरू कर दिया, उस दौरान उन्होंने काफी चुनौतियों का सामना किया, लेकिन उदिता ने हार नहीं मानी और मेहनत करके आगे बढ़ती रहीं। 2017 में सीनियर टीम में डेब्यू करने के बाद, उदिता ने कईं महत्वपूर्ण टूर्नामेंट में भारतीय टीम के लिए अच्छा प्रदर्शन किया।
उदिता ने 2018 एशियाई खेलों में रजत पदक, 2022 राष्ट्रमंडल खेलों में कांस्य पदक,और 2023 एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया। उदिता कौर ने 2021 में हुए टोक्यो ओलिंपिक में भारतीय महिला हॉकी टीम को चौथे स्थान तक पहुंचाने में अपनी जान लगा दी थी। उदिता के शानदार डिफेंस और मैदान पर उनकी मौजूदगी ने टीम को मजबूती दी है। 2024 में आयोजित महिला हॉकी इंडिया लीग की नीलामी में उदिता सबसे ज्यादा बोली हासिल करने वाली खिलाड़ी बनी, जो उनके शानदार खेल और लोकप्रियता को दर्शाता है।
मंदीप सिंह की क्या उलब्धियां हैं ?
मंदीप सिंह जालंधर के मीठापुर गांव के रहने वाले हैं। मंदीप सिंह का जन्म 25 जनवरी 1995 को हुआ है। मंदीप सिंह ने अपने हॉकी करियर की शुरुआत जालंधर की सुरजीत हॉकी अकादमी से की थी। यहां से ट्रेनिंग के बाद मंदीप को भारतीय हॉकी टीम में खेलना का मौका मिला था।
मंदीप सिंह अब तक दो हॉकी विश्व कप 2014 और 2018 खेल चुके है। 2018 एशियाई खेल, 2018 राष्ट्रमंडल खेल, 2013 एशिया कप, 2014 और 2017 हॉकी वर्ल्ड लीग फाइनल, 2013 और 2017 हॉकी वर्ल्ड लीग सेमीफाइनल, और 2016 व 2018 चैंपियंस ट्रॉफी में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
भारतीय पुरुष हॉकी टीम के स्टार स्ट्राइकर मंदीप सिंह को उनकी तेज रफ्तार, शानदार ड्रिब्लिंग और गोल स्कोरिंग क्षमता के लिए जाना जाता है। उन्होंने कई महत्वपूर्ण मुकाबलों में भारत के लिए गोल कर टीम को जीत दिलाई है। बता दें कि मंदीप सिंह को पंजाब पुलिस में डीएसपी के पद पर तैनात किया गया है, जिसकी घोषणा पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने की थी।
लोगों ने दोनों की जोड़ी को बताया हॉकी का परफेक्ट मैच
उदिता कौर और मंदीप सिंह की शादी के खबरे सामने आने के बाद खेल जगत से बधाइयों की बाढ़ सी आ गई। मंदीप के साथी खिलाड़ी, कोच, और फैंस इस कपल को शादी की शुभकामनाएं दे रहे हैं। सोशल मीडिया पर लोग दोनों को बधाई देते हुए जोड़ी को 'हॉकी का परफेक्ट मैच' बता रहे हैं। खिलाड़ियों समेत उनके फैंस को उनकी शादी का बेसब्री से इंतजार है। संभावना जताई जा रही है कि शादी में टीम इंडिया शामिल हो सकती है। सबकी निगाहें 21 मार्च पर टिकी हैं, जब यह सात फेरे लेकर अपने जीवन की नई शुरुआत करेगा।
