हिसार में धार्मिक विवाद: जहां फेंका जाता है कचरा...वहां लगीं हिंदू देवी-देवताओं की तस्वीरें, लोगों में दिखी नाराजगी

Poster of Hindu God-Goddess on garbage dumping site in Hisar
X
हिसार में कूड़ा डालने वाली जगह पर लगे हिंदू देवी-देवताओं और सिख गुरुओं के पोस्टर।
Hisar Religion Controversy: हरियाणा के हिसार में कूड़ा डालने वाली जगह पर हिंदू देवी-देवताओं और सिख गुरुओं की तस्वीरें लगने से लोगों में नाराजगी है। इस मामले से नगर निगम ने पल्ला झाड़ लिया है।

Hisar Religion Controversy: हरियाणा के हिसार में हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं के साथ खिलवाड़ करने का मामला सामने आया है। स्क्वेयर मार्केट में ईलाइट सिनेमा के पास रामपुरा मोहल्ला की तरफ जाने वाली सड़क पर देवी-देवताओं और सिख गुरुओं के पोस्टर चस्पा किए गए हैं। इसमें हिंदू देवी-देवताओं के साथ ही सिखों के गुरुओं की भी फोटो है।

इसके साथ ही इस पोस्टर पर संदेश लिखा गया है कि कृपया यहां कचरा ना डालें, कचरा डालने वालों पर जुर्माना लगाया जाएगा। इस मामले को लेकर हिंदू और सिख धर्म के लोगों ने नाराजगी है। उनका कहना है कि यह हिंदू और सिख दोनों धर्मों का अपमान है। हालांकि नगर निगम ने इस मामले से पल्ला झाड़ लिया है।

नगर निगम ने झाड़ा पल्ला

नगर निगम के सैनिटरी इंस्पेक्टर राजकुमार ने इस मामले पर कहा है कि पोस्टर नगर निगम की तरफ से नहीं लगाए गए हैं। नगर निगम कभी दीवारों पर देवी देवताओं के पोस्टर नहीं लगाता। नगर निगम हमेशा लोहे के बोर्ड पर पोस्टर लगाता है। दीवारों पर सिर्फ जुर्माना लगाने का मैसेज लिखा जाता है। ये घृणित काम आसपास के ही किसी शरारती तत्व ने किया है।

ये भी पढ़ें: हिसार में मंत्री रणबीर गंगवा का एक्शन, एक्सईएन...SDO और JE अधिकारी को किया सस्पेंड, लोगों ने ताली बजाकर फैसले को सराहा

स्थानीय लोगों में नाराजगी

इस मामले में स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर नगर निगम द्वारा ये पोस्टर नहीं हटाया जाता है, तो हम इसे उखाड़ फेंकेंगे। अगर कचरा डालने से रोकथाम करनी है, तो नगर निगम जुर्माना लगाए, लेकिन देवी देवताओं के चित्र लगाकर उनका अपमान ना करें।

इन मामलों में जुर्माना लगाता है नगर निगम

बता दें कि हिसार नगर निगम की तरफ से सार्वजनिक जगहों पर कूड़ा फेंकने, थूकने, नहाने, पेशाब करने और शौच करने पर जुर्माना लगाता है। इसके अलावा गलत जगह पर पशुओं को भोजन देने, कचरा जलाने, गाड़ियों से बाहर कूड़ा फेंकने पर जुर्माना किया जाता है। साथ ही दुकानदार अगर सही तरीके से डस्टबिन नहीं रखता है या त्योहार हॉल, मॉल, विवाह, पार्टी, सामुदायिक हॉल, प्रदर्शनी, मेला, पार्टी लॉन आदि पर गीला और सूखा कचरा अलग-अलग न करने पर भी नगर निगम की तरफ से जुर्माना लगाया जाता है।

ये भी पढ़ें: सिरसा पहुंचे पीडब्ल्यूडी मंत्री: रणबीर गंगवा ने कांग्रेस पर कसा तंज, बोले- ये पार्टी नहीं...बल्कि गुट है

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story