हरियाणा के हिसार की बेटी पर्वतारोही रीना भट्टी ने किर्गिस्तान की सबसे ऊंची चोटी माउंट लेनिन को फतह कर देश का तिरंगा फहराया है। रीना ने दावा किया लेनिन को फतेह करने वाली वह देश की पहली महिला है। घर लौटने पर रीना का जोरदार स्वागत किया गया।

Hisar: शहर के श्यामलाल बाग की रहने वाली पर्वतारोही रीना भट्टी ने किर्गिस्तान की सबसे ऊंची चोटी माउंट लेनिन को फतह कर देश का तिरंगा फहराया है। माउंट एवरेस्ट को फतह कर चुकी रीना भट्टी 14 जुलाई को हिसार से रवाना हुई थी और 26 जुलाई को सुबह 10.36 बजे चोटी फतह कर देश का तिरंगा फहराने वाली देश की पहली महिला बन गई है। लेनिन माउंट को फतेह कर रीना हाल ही में घर लौटी है, जिसका परिजनों ने जोरदार स्वागत किया।

किर्गिस्तान की चोटी फतेह करने वाली देश की पहली महिला बनी रीना

रीना भट्टी ने सोमवार को दावा किया कि किर्गिस्तान की सबसे ऊंची चोटी फतेह करने वाली वह पहली भारतीय महिला है। इस चोटी की ऊंचाई 7134 मीटर है। रीना भट्टी ने बताया कि इस पर करीब साढ़े तीन लाख रुपए खर्च हुए है। इससे पहले रीना कई चोटियों को फतह कर चुकी हैं। इनमें माउंट एवरेस्ट के अलावा माउंट ल्होत्से, माउंट नन, अमा डबलम, आइलैंड पिक, माउंट काला पत्थर, फ्रेंडशिप पिक, माउंट एलब्रुस, माउंट कांग यात्से, माउंट किलिमंजारों के अलावा अन्य चोटियां शामिल हैं।

अभियान में 8 सदस्यों की टीम रही शामिल

रीना भट्टी ने अपने अनुभव सांझा करते हुए कहा कि इस अभियान में आठ सदस्य शामिल रहे। जब चोटी को फतह करने पहुंचे तो 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चल रही थी, मगर किसी ने हौसला नहीं तोड़ा और चोटी फतह करने में कामयाबी मिली। रीना ने बताया कि 14 जुलाई को वह हिसार से रवाना हुए थे। 17 जुलाई को बेस कैंप पहुंचे और 26 जुलाई को चोटी फतह की। रीना का कहना है कि इस बार वह अपने साथ खाने और टैंट का सामान साथ लेकर गए थे।