भीम सेना प्रमुख को धमकी देने का मामला: गैंगस्टर अनमोल बिश्नोई ने यूएस व कनाडा में बैठकर जिम्बाब्वे व केन्या के नंबर से की कॉल

Case registered for threatening Bhim Sena chief.
X
भीम सेना प्रमुख को धमकी देने पर केस दर्ज। 
गुरुग्राम में भीम सेना प्रमुख सतपाल तंवर को धमकी देने के मामले में पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई के भाई गैंगस्टर अनमोल बिश्नोई पर केस दर्ज किया।

गुरुग्राम: भीम सेना प्रमुख सतपाल तंवर को धमकी देने के मामले में पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई के भाई गैंगस्टर अनमोल बिश्नोई पर केस दर्ज किया। अनमोल पर यूएस व कनाडा में बैठकर जिम्बाब्वे और केन्या के नंबर से धमकी भरी कॉल किए जाने का आरोप है। हरियाणा सरकार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एसटीएफ की टीमों, गुरुग्राम की तीन क्राइम ब्रांच और कई साइबर क्राइम टीमों को जांच के लिए लगाया है। वहीं अनमोल बिश्नोई को भारत लाने की कोशिशें की जा रही हैं।

सतपाल के पास अनमोल बिश्नोई का आया फोन

जानकारी अनुसार रात 10 बजकर 5 मिनट पर भीम सेना प्रमुख नवाब सतपाल तंवर के मोबाइल पर लॉरेंस बिश्नोई के भाई गैंगस्टर अनमोल बिश्नोई का फोन आने से हड़कंप मच गया। गैंगस्टर ने कहा कि तुझे कहीं काट कर फेंक देंगे। कुल 6 मिनट 41 सेकेंड की ऑडियो में गैंगस्टर बार-बार तंवर को डराने का प्रयास कर रहा है। वहीं धमकी का जवाब देते सतपाल तंवर ने अनमोल बिश्नोई से कहा कि मैं कोई पप्पू यादव या सलमान खान नहीं हूं जो डर जाऊंगा। जिसके बाद गैंगस्टर परिणाम भुगतने की चेतावनी देता है।

सतपाल की पर्सनल सेक्रेटरी को भी दी थी धमकी

सतपाल ने धमकी को लेकर तत्काल आला अधिकारियों को सूचित किया और मामले की जांच की गई। गुरुग्राम की तीन क्राइम ब्रांच और साइबर क्राइम टीम द्वारा मामले की पुष्टि करते ही सेक्टर 37 थाने की पुलिस ने गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई पर केस दर्ज कर लिया। नवाब सतपाल तंवर की महिला पर्सनल सेक्रेटरी को धमकाने के आरोप में भी अनमोल बिश्नोई पर महिला अपराध की धारा लगाई गई है। पुलिस क्राइम ब्रांच की माने तो जान के खतरे को देखते हुए सतपाल तंवर को पुलिस सुरक्षा देने के प्रयास किए गए। लेकिन उन्होंने पुलिस सुरक्षा लेने से साफ मना कर दिया।

अनमोल पर शिकंजा कसने की तैयारी में पुलिस

बाबा सिद्दकी की हत्या के मामले और सलमान खान के घर पर गोलीबारी के मामले में मुंबई पुलिस अनमोल बिश्नोई को भारत लाने की तैयारी कर रही है। सिद्धू मुसेवाला हत्या मामले में भी अनमोल पर हथियार मुहैया कराने के आरोप हैं। वहीं गुरुग्राम पुलिस भी अनमोल बिश्नोई को भारत लाने का दावा कर सकती है या मुंबई पुलिस द्वारा उसे भारत लाए जाने पर रिमांड लेकर पूछताछ कर सकती है। जो अभी अमेरिका में छिपा हुआ बताया जा रहा है। जबकि केंद्रीय जांच एजेंसी एनआईए ने भी अनमोल बिश्नोई पर 10 लाख का इनाम घोषित कर रखा है।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story