Noida Workers Protest: सोमवार को यूपी के गौतमबुद्ध नगर जिले के कई इलाकों में सैलरी बढ़ाने को लेकर जमकर हंगामा हुआ। श्रमिकों ने सैलरी बढ़ाने के लिए विरोध प्रदर्शन किया और लेकिन दिक्कत तब हुई जब यह प्रदर्शन उग्र हो गया। इसी घटना को लेकर सीएम योगी आदित्यनाथ एक्शन मोड़ में आ गए हैं। सीएम के निर्देश पर एक हाई लेवल कमेटी का गठन किया गया है। सीएम का कहना है कि वह प्रदेश के अंदर अराजकता नहीं होने देगें। बताया जा रहा है कि यह कमेटी समस्याओं का उचित समाधान करेगी। इस कमेटी का काम स्टेक होल्डरों से बात करके औद्योगिक क्षेत्र में आने वाली समस्याओं को दूर करने और शांति व्यवस्था को कायम करना है।
सीएम योगी के निर्देश पर बनी कमेटी में श्रमिक संगठनों की तरफ से 5 और उद्यमियों की तरफ से 3 प्रतिनिधियों को शामिल किया जाएगा। इसके अलावा इस कमेटी का अध्यक्ष औद्योगिक विकास आयुक्त को बनाया गया है। इस समिति में अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव श्रम और सेवायोजन को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश के बाद बनी हाई पावर्ड कमेटी सभी हितधारकों के बीच सामंजस्य स्थापित करने और बातचीत करने के लिए नोएडा पहुंची है।
हिंसक हो गए थे श्रमिक
बता दें कि पिछले कई दिनों से नोएडा में सैलरी बढ़ाने को लेकर श्रमिक प्रदर्शन कर रहे थे लेकिन सोमवार को इस प्रदर्शन ने हिंसक रूप ले लिया। बताया जा रहा है कि इस दौरान कर्मचारियों ने विभिन्न फैक्ट्रियों में तोड़फोड़ और आगजनी भी की। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, नोएडा के सेक्टर-60 और फेज-2 में प्रदर्शनकारियों ने वाहनों को आग लगाने और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की भी कोशिश की। इस बीच कई इलाकों से पथराव की घटनाएं भी सामने आईं। प्रदर्शन के उग्र होने की वजह से यातायात व्यवस्था ठप हो गई और दिल्ली जाने वाली सड़कों पर हजारों की संख्या में लोग जाम फंस गए और दिल्ली नोएडा की सीमा पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया।









