haribhoomi hindi news
Gurugram News: ग्रेटर गुरुग्राम में किंगडम ऑफ ड्रीम्स की तर्ज पर एक दार्शनिक केंद्र बनाया जाएगा। इसके बनने से गुरुग्राम को एक नई पहचान मिलेगी और शहर की तरफ पर्यटक भी रुख करेंगे।

Gurugram News: ग्रेटर गुरुग्राम के नाम से विकसित हो रहे सोहना शहर में किंगडम ऑफ ड्रीम्स की तर्ज पर एक दार्शनिक केंद्र को बनाया जाएगा। इसके लिए सोहना की अरावली पहाड़ी के पास की 12 एकड़ जमीन का चयन किया गया है। यह जमीन नगर परिषद के नियंत्रण में है। दार्शनिक केंद्र बनने के बाद सोहना को पर्यटन के रूप में एक नई पहचान मिलेगी।

वहीं पिछले कुछ वर्षों से शहर का दायरा लगातार बढ़ता ही जा रहा है। शहर में डवलपमेंट की अनेक संभावनाएं हैं। शहर दिल्ली मुंबई एक्सप्रेसवे के पास है। दूसरी तरफ केएमपी एक्सप्रेसवे भी थोड़ी ही दूर पर है। जिसके चलते सोहना की देश के कई बड़े शहरों के साथ कनेक्टिविटी बेहतर है। इसके अलावा पूरा शहर अरावली पहाड़ी की गोद में बैठा हुआ है।

दार्शनिक केंद्र बनने के बाद शहर पर्यटक स्थल के रूप में डवलप होगा, जिससे कि इसकी तरफ पर्यटकों का भी रुझान बढ़ेगा। जहां दार्शनिक केंद्र को विकसित किया जाएगा। वह स्थान गुरुग्राम से मात्र 18 किलोमीटर की दूरी पर है। इसके अलावा मात्र दो दिन पहले ही गुरुग्राम की कार्यवाहक कमिश्नर अंकिता चौधरी ने इस शहर का दौरा किया था। इस दौरान उन्होंने अरावली पहाड़ी के समीप वाली परिषद की जमीन पर हुडा जिमखाना क्लब और किंगडम आफ ड्रीम्स जैसे दार्शनिक केंद्रों को बनाने को लेकर परिषद के अधिकारियों से विस्तार से चर्चा की।

अंकित चौधरी ने आगे कहा कि अरावली की तलहटी में इस तरह के दार्शनिक केंद्र बनने से शहर को एक नयी पहचान मिलेगी। इसके अलावा सोहना की अरावली पहाड़ी में जंगल सफारी का प्रस्ताव विचाराधीन है। फिलहाल केवल शिव कुंड की वजह से सोहना शहर को जाना जाता था। लेकिन किंगडम आफ ड्रीम्स जैसे दार्शनिक केंद्र बनने से शहर की सुंदरता में चार-चांद लग जाएंगे।  

7