Logo
election banner
राजधानी दिल्ली में इन दिनों मौसम करवट ले रहा है। अभी दिन के समय सूरज गर्मी दिखा रहा है, लेकिन जल्द ही दिल्ली में बारिश और ओलावृष्टि की भी संभावना जताई जा रही है।

Delhi Weather: दिल्ली में इन दिनों लगातार मौसम करवट ले रहा है। जिसके चलते दिन के समय सूरज गर्मी दिखा रहा है, लेकिन जल्द ही दिल्ली में बारिश और ओलावृष्टि की भी संभावना जताई जा रही है। जिसके चलते एक बार फिर दिल्ली में पारा गिरेगा और सर्दी वापसी करेगी।

मौसम विभाग के अनुसार, पारा बढ़ने के कारण दिल्ली में इन दिनों अधिकतम तापमान बढ़कर 26 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज हो रहा है। इस बारे में निजी मौसम अनुमान कंपनी स्काईमेट वेदर का कहना है कि दिल्ली में फरवरी की शुरुआत में बारिश हुई थी, उसके बाद करीब पिछले 11 दिनों से दिल्ली शुष्क बनी हुई है। पारा 26 डिग्री सेल्सियस के स्तर को पार कर गया है।

आने वाले दिनों में बारिश की संभावना

कंपनी का कहना है कि इससे पहले नवंबर और दिसंबर 2023 की शुरुआत में ऐसा तापमान दर्ज हुआ था। कंपनी की मानें, तो दिल्ली में जल्द ही शुष्क दौर खत्म हो सकता है, क्योंकि सोमवार 19 फरवरी से शुरू 22 फरवरी तक करीब 3 से 4 दिनों तक दिल्ली में अच्छी बारिश होने की संभावना है। इसमें 20 और 21 फरवरी को मध्यम तीव्रता की बारिश होगी। ये बारिश बिजली और गरज के साथ होगी, साथ ही ओलावृष्टि की भी संभावना है।

फिर गिरेगा तापमान

एक पश्चिमी विक्षोभ शुक्रवार रात पश्चिमी हिमालय के पास पहुंचा। इसके साथ में एक और मौसम प्रणाली 23 फरवरी तक पहाड़ों को सक्रिय बनाए रखेगी। दिल्लीवासियों के लिए अभी सर्दी का मौसम समाप्त होने वाला नहीं है। फरवरी के पहले सप्ताह के दौरान ही 30.8 मिमी बारिश हो चुकी है, जो मासिक बारिश के सामान्य से काफी ज्यादा है।

वहीं, अब 19 से 22 फरवरी के बीच संभावित होने वाली बारिश में भी पहले हफ्ते के बराबर मात्रा में बारिश होने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता। ऐसे में पुन तापमान 5 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिर जाएगा। वहीं, सुबह का तापमान एक बार से गिरकर लगभग 7 डिग्री तक पहुंच सकता है। इसलिए, दिल्लीवासियों के लिए सर्दी जल्द ही खत्म होने वाली नहीं है। वर्तमान में तापमान में उतार-चढ़ाव आखिरी बार 26 डिग्री सेल्सियस का पारा स्तर 06 दिसंबर, 2023 (26.4 डिग्री सेल्सियस) को दर्ज किया गया था।

अगले 2 दिनों में तापमान 1-2 डिग्री तक और बढ़ सकता है। इसके बाद अगले सप्ताह तापमान गिरने की संभावना है। इसके विपरीत पिछले 48 घंटों में न्यूनतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा गिर गया है। कंपनी के अनुसार, 16 फरवरी, 2024 को सुबह तापमान 7.3 डिग्री रहा, जो सामान्य से लगभग 4 डिग्री कम है। यह न्यूनतम तापमान अगले 24 घंटों तक बना रह सकता है, उसके बाद तापमान बढ़ने की उम्मीद है।

5379487