haribhoomi hindi news
Delhi Police Encounter: दिल्ली पुलिस की AATS टीम ने एनकाउंटर में इनामी बदमाश मोहम्मद रिजवान को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

Delhi Police Encounter: दक्षिण-पूर्वी दिल्ली की AATS (एंटी-ऑटो थेफ़्ट स्क्वाड) टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए इनामी बदमाश को एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि देर रात पुलिस को बदमाश के बारे में जानकारी मिली थी, जिसके बाद टीम ने प्लान के तहत मौके पर पहुंचकर बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जाएगी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह किस वारदात को अंजाम देने आया था।   

जानकारी के मुताबिक, गिरफ्तार बदमाश की पहचान मोहम्मद रिजवान के तौर पर हुई है। आरोपी मोहम्मद रिजवान पर पुलिस ने 15 हज़ार रुपये का इनाम घोषित किया हुआ था। दिल्ली पुलिस की  AATS टीम को देर रात पता लगा था कि मोहम्मद रिजवान को दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के अमर कॉलोनी इलाके में देखा गया है। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंच गई। टीम ने मोहम्मद रिजवान को पकड़ने की कोशिश की, तो टीम पर उसने गोली चला दी। 

बदमाश के दाहिने पैर में लगी गोली

जवाबी कार्रवाई में टीम ने मोहम्मद रिजवान पर फायरिंग कर दी, जिसकी वजह से रिजवान के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल होकर रिजवान घटनास्थल पर ही गिर गया, जिसके बाद मौका देखकर टीम ने उसे पकड़ लिया।

घायल रिजवान को तुरंत अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस का कहना है कि रिजवान किसी वारदात को अंजाम देने के इरादे से अमर कॉलोनी आया था। ऐसा कहा जा रहा है कि आरोपी के खिलाफ पहले से केस दर्ज हैं। हालांकि पुलिस इलाज के बाद आरोपी से पूछताछ करके मामले के बारे में पता लगाकर आगे की कार्रवाई करेगी। 

7