Gokulpuri Metro Station: गोकुलपुरी मेट्रो स्टेशन का एक हिस्सा नीचे गिरा, मलबे में कई लोग दबे, एक की मौत

Gokulpuri Metro Station News
X
गोकुलपुरी मेट्रो स्टेशन का एक हिस्सा ढहा।
दिल्ली के गोकुलपुरी मेट्रो स्टेशन के प्लेटफॉर्म की साइड वॉल का एक हिस्सा का एक हिस्सा आज सुबह गिर गया। हादसे में कई लोग घायल हुए हैं।

Gokulpuri Metro Station News: दिल्ली के गोकुलपुरी मेट्रो स्टेशन के प्लेटफॉर्म की साइड वॉल का एक हिस्सा गिरने से बड़ा हादसा हो गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मलबे में कई लोग दब कर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। एक शख्स की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। घायलों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया है। इलाज के दौरान एक की मौत हो गई है। मलबे में कुछ वाहन भी दब गए हैं। हादसे के बाद सड़क पर जाम लग चुका है। रेस्क्यू टीमें मौके पर मौजूद हैं। वहीं, इस हादसे के बाद निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। उधर, डीएमआरसी ने इस रूट पर शिव विहार और गोकुलपुरी के बीच मेट्रो के संचालन को रोक दिया था। इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया वायरल हो रहा है। जिसमें देखा सकता है कि मेट्रो के नीचे मलबा गिरा हुआ दिखाई दे रहा है। इसके अलावा मलबे में वाहन भी दबे दिखाई दे रहे हैं।

डीसीपी नॉर्थ ईस्ट जॉय टिर्की ने हादसे के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इस हादसे में कम से कम 3 से 4 लोग घायल हो गए हैं। एक व्यक्ति मलबे में फंस गया और गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि अन्य को मामूली चोटें आईं। जेसीबी और क्रेन की मदद से मलबा हटाया जा रहा है। स्थानीय पुलिस और मेट्रो स्टाफ मौके पर मौजूद हैं। घटना में केस दर्ज कर लिया गया है। इस मामले पर डीएमआरसी का भी बयान सामने आया है।

DMRC का बयान

डीएमआरसी ने घटना पर बयान जारी कर कहा कि पिंक लाइन पर गोकुलपुरी मेट्रो स्टेशन पर एक घटना में अप प्लेटफार्म की ओर स्टेशन की दीवार का एक हिस्सा आज सुबह 11:04 बजे के आसपास सड़क पर गिर गया। जिससे पांच लोग घायल हो गए। उन्हें तुरंत चिकित्सा के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया। इलाज के दौरान एक शख्स की मौत हो गई है। एहतियात के तौर पर मौजपुर से शिव विहार तक के छोटे हिस्से पर ट्रेन सेवाओं को गोकुलपुरी स्टेशन पर अप प्लेटफॉर्म की ओर गिरे हुए हिस्से की देखभाल के लिए सिंगल लाइन पर चलाया जा रहा है।

DMRC के दो अधिकारी निलंबित

डीएमआरसी ने आगे कहा कि पिंक लाइन के बाकी हिस्सों पर ट्रेन सेवाएं सामान्य रूप से चल रही हैं। डीएमआरसी भविष्य में ऐसी दुर्भाग्यपूर्ण घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक उपचारात्मक उपाय करने के लिए इस घटना के लिए जिम्मेदार परिस्थितियों की जांच करेगा। यातायात संचालन सुनिश्चित करने के लिए घटना के एक घंटे के भीतर तत्काल आधार पर सड़क से मलबा हटा दिया गया। डीएमआरसी के दो अधिकारियों, एक प्रबंधक और सिविल विभाग के एक कनिष्ठ अभियंता को जांच लंबित रहने तक तत्काल निलंबित कर दिया गया है। सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों के अलावा कार्यकारी निदेशक, सिविल, ओएंडएम स्थिति का प्रत्यक्ष आकलन करने के लिए साइट पर मौजूद हैं।

DMRC ने मुआवजे का ऐलान किया

इसके साथ ही DMRC ने पीड़ित के लिए मुआवजे का भी ऐलान किया है। हादसे में मामूली रूप से घायल व्यक्ति को एक लाख रुपये, गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को पांच लाख रुपये और मृतकों के परिजनों को 25 लाख रुपये की राशि देने का ऐलान किया है।

इससे पहले भी हुआ था इस तरह का हादसा

बता दें कि इससे पहले फरवरी 2023 में हैदरपुर बादली मोड़ मेट्रो स्टेशन के पास मेट्रो पिलर का कुछ हिस्सा गिर गया। इस दौरान वहां मौजूद एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया था। हालांकि घायल को तुरंत मैक्स हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। गनीमत रही थी की डॉक्टरों ने पीड़ित को बचा लिया था। उस दौरान भी अधिकारियों ने कहा था कि मामले में किसकी लापरवाही रही, इसकी जांच की जाएगी। दोषी पाए जाने पर एक्शन लिया जाएगा।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story