Delhi Crime: दिल्ली के जीटीबी एनक्लेव इलाके में सोमवार रात एक लड़की की गोली मारकर हत्या करने का मामला सामने आया है। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। वहीं लड़की के शव की शिनाख्त करने के लिए आसपास के इलाकों में पूछताछ की जा रही है। हालांकि अभी तक लड़की की पहचान नहीं हो पाई है।
20 वर्षीय लड़की की गोली मारकर हत्या
शाहदरा की अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) नेहा यादव ने बीती रात मामले की जानकारी देते हुए बताया कि सोमवार रात लगभग 10.30 बजे जीटीबी एंक्लेव के जनता फ्लैट्स के पास पार्क के बाहर रोड पर इस हत्या को अंजाम दिया गया। इस दौरान अज्ञात ने 20 साल की एक लड़की को गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी मौके से फरार हो गया। शव के ऊपर दो गोलियों के निशान मिले हैं।
ये भी पढ़ें: Delhi Crime Rate : दिल्ली में दुष्कर्म और स्ट्रीट क्राइम में गिरावट, हत्या के मामले बढ़े!
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
गोली की आवाज सुन मौके पर भीड़ इकट्ठी हुई, तो पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और शव की शिनाख्त करने की कोशिश में जुटी है। इसके लिए आसपास के लोगों से बातचीत की जा रही है और कातिलों का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाली जा रही है।
29 मार्च को भी मिला था महिला का शव
वहीं 29 मार्च को शाहदरा के विवेक विहार इलाके के सत्यम एन्क्लेव, झिलमिल कॉलोनी डीडीए फ्लैट के अंदर बेड बॉक्स से एक महिला का सड़ा-गला शव मिला था। शव को चादर से लपेटकर एक बैग के अंदर छुपाया गया था। उस शव की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। घर के मालिक 50-60 वर्षीय विवेकानंद मिश्रा हैं। उनको पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया था, लेकिन बाद में छोड़ दिया गया। इस मामले में अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
ये भी पढ़ें: दिल्ली में 55 लाख वाहनों का रजिस्ट्रेशन रद्द: सड़कों पर दिखा तो लगेगा जुर्माना, जानें इन गाड़ियों का क्या होगा?