Ghaziabad Road Accident: गाजियाबाद के वेव सिटी से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आ रही है। यहां रविवार को एक तेज रफ्तार बाइक डासना की आईएमएस कॉलेज के सामने बने अंडरपास की दीवार से टकरा गई। बाइक की रफ्तार तेज होने की वजह से चालक 19 वर्षीय लड़की की मौत हो गई, जबकि लड़की के साथ बाइक पर पीछा बैठा उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, लड़की R15 नाम की एक महंगी स्पोर्ट बाइक को चला रही थी। फिलहाल पुलिस हादसे की जांच में जुटी हुई है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है।
घरवालों ने की बेटी की थी खोजबीन
पुलिस के अनुसार, टीला मोड़ थाना क्षेत्र के पसौंडा इकबाल कॉलोनी की रहने वाली 19 साल की इकरा और 20 साल का हाशिम शनिवार को घर से निकले थे, और जब देर रात तक दोनों घर वापस नहीं लोटे तो परिवार के लोगों को चिंता होने लगी। देर रात तक इंतजार करने के बाद घरवालों ने दोनों को खोजना शुरू किया और दोनों के परिजन पूरी रात उन्हें खोजते रहे। परिवार के लोगों ने दिल्ली सहित आसपास के इलाकों में उनकी तलाश की, लेकिन वह लोग इन दोनों को खोजने में नाकाम रहे।
अंडरपास पर हुआ था हादसा
इसी बीच घरवालों को रविवार सुबह चार बजे सूचना मिली कि अंडरपास की दीवार से बाइक की टक्कर हो गई है। इसके बाद पुलिस दोनों को तुरंत ही मणिपाल अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद इकरा को मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरी तरफ घायल हासिम को परिवार के लोग इलाज के लिए सरकारी अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे घर भेज दिया गया है।










