Jayant Chaudhary: बीजेपी सरकार में केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी को जान से मारने की धमकी मिली है। उनके द्वारा दिल्ली पुलिस को भेजी गई शिकायत के मुताबिक, जयंत चौधरी ने अपनी जासूसी का भी आरोप लगाया है। इस मामले में मंत्री के निजी सहायक ने दिल्ली पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में कहा गया कि केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी के फोन पर 18 मार्च को सुबह के समय उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई थी।
तुगलक रोड थाना नई दिल्ली में दी शिकायत के अनुसार, ' आरोपी ने मुझसे पूछा कि क्या मैंने वह कागज देखें हैं, जो उसने मेरे फोन पर भेजे हैं। इसके अलावा इस दौरान उसने एमपी5 जैसे हथियारों का जिक्र किया और कहा कि वह इन्हीं से मारेगा। इतना कहने के बाद उसने फोन काट लिया। जब मैंने उसके नंबर से आए व्हाट्सएप संदेशों को खोलकर देखा, तो उसमे मंत्री जी का सरकारी टूर प्रोग्राम था। जिस पर इनकों को गोली मार दो स्पष्ट रूप से लिखा हुआ था।'
वॉयस मैसेज भी भेजे
बताया जा रहा है कि धमकी देने वाले के द्वारा वॉट्सऐप पर वॉयस मैसेज और लोकेशन लगातार भेजी गई थी। उन वॉयस मैसेज में स्पष्ट रूप से लगातार मंत्री जी को जान से मारने की धमकी दी गई थी। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, धमकी देने वाले से जब दोबारा कॉल करके पूछा गया कि उसके पास मंत्री जी के टूर प्रोग्राम की जानकारी कहां से आई तो उसने स्पष्ट भाषा में जवाब दिया कि यह सब उसे ऊपर से भेजा गया है।
जासूसी भी हो रही है
तुगलक रोड थानाध्यक्ष को दी शिकायत में कहा गया कि मोबाइल पर मिले सभी साक्ष्यों को पुलिस के पास भेज दिया गया है। मंत्री के सहायक ने जासूसी का भी आरोप लगाया है। सहायक का कहना है कि उन्हें एक गंभीर जानकारी हासिल हुई है कि मंत्री के आवास के पिछले गेट की कोई जासूसी कर रहा है। उन्होंने बताया कि जासूस इस बात की निगरानी रख रहा कि दरवाजा किस वक्त खुलता है और आवास पर कौन-कौन आता है। सहायक का कहना है कि तीन दिन पहले मंत्री जी की कोठी की दूसरी तरफ 9 बजे से 10 तक एक कार खड़ी रही जिसके शीशे काले थे। आरएलडी प्रमुख के सहायक का कहना है कि गाड़ी में सवार लोग उनके आवास की निगरानी कर रहे थे। उन्होंने प्रशासन से अनुरोध किया है कि कृपया मामले की संवेदनशीलता को समझते हुए इसकी गंभीरतापूर्वक जांच कराएं।









