Logo
election banner
दिल्ली सरकार में मंत्री राजकुमार आनंद ने पार्टी और मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। हाल ही में राजकुमार आनंद के घर ED की रेड पड़ी थी। अब उन्होंने इस्तीफा दे दिया।

Rajkumar Anand Resignation: दिल्ली शराब घोटाले में घिरी आम आदमी पार्टी की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। अब दिल्ली सरकार में मंत्री राजकुमार आनंद ने पार्टी और पद से इस्तीफा दे दिया है। राजकुमार आनंद पटेल नगर से विधायक हैं। वह दिल्ली सरकार में समाज कल्याण मंत्री के पद पर कार्यरत थे।

राजकुमार आनंद के घर पड़ी थी ED की रेड

दिल्ली सरकार में समाज कल्याण मंत्री राजकुमार आनंद ने अपने पद और पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। हाल ही में राजकुमार आनंद के घर ईडी की रेड पड़ी थी। अब उन्होंने आम आदमी पार्टी और मंत्री पद दोनों से इस्तीफा दे दिया है। बता दें कि राजकुमार आनंद 2020 में ही आप की टिकट पर पटेल नगर से विधायक बने थे।

राजनीति नहीं बदली, राजनेता बदल गए- राजकुमार आनंद

राजकुमार आनंद ने इस्तीफा देने के बाद कहा कि दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल से कनेक्शन इसलिए हुआ, क्योंकि उन्होंने कहा था 'राजनीति बदलेगी तो देश बदलेगा'। आज राजनीति नहीं बदली है, लेकिन राजनेता बदल गए हैं। मैंने अपना इस्तीफा मुख्यमंत्री कार्यालय को भेज दिया है।

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी का जन्म भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन से हुआ था, लेकिन आज पार्टी खुद भ्रष्टाचार के दलदल में फंस चुकी है। ऐसे में मेरे लिए मंत्री पद पर रह कर इस सरकार के लिए काम करना असहज हो गया है। मैं अब पार्टी, इस सरकार और मंत्री पद से इस्तीफा दे रहा हूं, क्योंकि मैं इनके भ्रष्टाचार में अपना नाम नहीं जुड़वाना चाहता। बता दें कि हाल ही में उनके घर पर ईडी का छापा पड़ा था। इसके बाद उन्होंने इस्तीफा दे दिया।

राजकुमार आनंद के इस्तीफे के बाद आप की प्रतिक्रिया

दिल्ली सरकार के मंत्री राजकुमार आनंद के इस्तीफे के बाद आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह और मंत्री सौरभ भारद्वाज ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान संजय सिंह ने कहा कि हमें जिसकी चिंता थी वही होने लगा। यह हम पहले दिन से कह रहे थे। उन्होंने आगे कहा कि आज के बाद एक सवाल बंद हो जाएगा कि ईडी की गिरफ्तारी के पीछे आप को तोड़ने का मकसद है। आज आप के एक-एक मंत्री और विधायक की भी अग्नि परीक्षा है कि हम कैसे इस माहौल में बीजेपी से लड़ सकते हैं।

राजकुमार आनंद जल्द बीजेपी में शामिल होंगे- संजय सिंह

सांसद संजय सिंह ने राजकुमार आनंद को लेकर एक बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि आप देख लेना, वह जल्द ही बीजेपी में शामिल होंगे, जबकि बीजेपी ने ही इन पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया था और 23 घंटे तक इनके घर ईडी का छापा पड़ा था।

उन्होंने आगे कहा कि हम उन्हें धोखेबाज नहीं कहेंगे। वह ईडी से डर गए हैं। उन्होंने दावा किया कि वह अपने साथियों को कह रहे थे कि जब थोड़ा सक्रिय होते हैं, तो ईडी का फोन आ जाता है। संजय सिंह ने आगे कहा कि उन्हें डराया गया है। उन्हें 12 अप्रैल का ईडी का नोटिस भी मिला था। वहीं, मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा कि हमें राजकुमार आनंद नहीं बनना है, हमें अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया बनना है। हमें राजकुमार आनंद से सहानुभूति है।

5379487