Delhi Weather: दिल्ली हुई पहाड़ी क्षेत्रों से भी ठंडी, सीजन का सबसे ठंडा दिन, न्यूनतम पारा 3 डिग्री तक गिरा

Delhi Weather Update
X
दिल्ली में कोहरे का कोहराम।
राजधानी दिल्ली में कई पहाड़ी क्षेत्रों से अधिक ठंड पर रही है। दिल्ली में शुक्रवार की सुबह इस सीजन की सबसे ठंडी सुबह दर्ज हुई है। न्यूनतम पारा 3 डिग्री तक गिरा है।

Delhi Weather: दिल्ली कई पहाड़ी क्षेत्रों को भी सर्दी के मामले में मात दे रही है। शुक्रवार को दिल्ली की सुबह इस सीजन की सबसे ठंडी सुबह के रूप में दर्ज हुई। राजधानी की सुबह न्यूनतम तापमान नीचे लुढ़ककर 3.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 3 डिग्री कम है, जबकि दिल्ली के जाफरपुर में न्यूनतम तापमान सबसे कम 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं, लोधी रोड में 3.6 डिग्री रहा।

पहाड़ी क्षेत्रों से ज्यादा ठंड

मौसम विभाग के अनुसार, जहां दिल्ली में न्यूनतम तापमान 3.9 डिग्री रहा। वहीं, शिमला का न्यूनतम तापमान 9 डिग्री और मसूरी का न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस, नैनीताल 8.2 डिग्री, धर्मशाला 5.2 डिग्री दर्ज हुआ। यानी दिल्ली, शिमला, मसूरी सहित कई पहाड़ी क्षेत्रों से ज्यादा ठंडी दर्ज हो रही है।

वहीं, दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से 1 डिग्री सेल्सियस यानी 19.3 दर्ज हुआ। सुबह कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के बाद दिन के समय मौसम ने दिल्ली वालों पर रहम किया, जिसके बाद कई घंटों तक दिल्ली वालों को गुनगुनी धूप की सौगात मिली। कड़ाके की ठंड से बेहाल लोगों ने धूप निकलने का भरपूर आनंद लिया। दिल्ली के पार्कों, घरों की छतों सहित अन्य जगहों पर धूप सेंकने का आनंद लिया।

आईएमडी ने दी जानकारी

प्रादेशिक मौसम विभाग केंद्र दिल्ली (IMD) के आंकड़ों के अनुसार, अब से पहले 16 जनवरी, 1935 को दिल्ली -0.6 तक तापमान दर्ज हुआ था, जबकि हाल ही में 1 जनवरी, 2021 को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 1.1 तक लुढ़क गया था। निजी मौसम विज्ञान कंपनी स्काईमेट वेदर के महेश कुमार पलावत के अनुसार, दिल्ली में कड़ाके की ठंड के अलावा घने कोहरे ने भी परेशान किया।

सड़क से लेकर हवाई यात्रा प्रभावित

उन्होंने बताया कि उत्तर रेलवे से मिले डेटा को मानें, तो सड़क से लेकर हवाई मार्ग तक यात्राएं प्रभावित हुईं। दिल्ली एयरपोर्ट पर विजिबिलिटी शून्य दर्ज हुई, जिससे करीब 103 फ्लाइट में देरी हुई, जिनमें 30 फ्लाइट इंटरनेशनल हैं। कोहरे के चलते सुबह 8:30 बजे आपा नगर में विजिबिलिटी 50 मीटर, सफदरजंग में 200 मीटर और रिज एरिया में 500 मीटर रही।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story