दिल्ली में एलपीजी की कमी को लेकर सामने आ रही खबरों के बीच मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने लोगों से संयम बनाए रखने और जमाखोरी से बचने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अगर राजधानी में गैस सिलेंडरों की जमाखोरी की शिकायतें मिलती हैं, तो सरकार इसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी। साथ ही, उन्होंने अफवाह फैलाने वालों को भी चेतावनी दी है कि वे लोगों में डर का माहौल न बनाएं।
मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि अगर दिल्ली में जमाखोरी होती है, तो सरकार का इसके खिलाफ सख्त रुख है। उन्होंने कहा कि जब देश पर कोई संकट आता है, तो हम सभी को एकजुट खड़ा होना चाहिए। सीएम ने उन लोगों को चेतावनी दी, जो लोगों में डर पैदा कर रहे हैं और उन्हें जमाखोरी करने के लिए उकसा रहे हैं।
सीएम ने कहा कि यह देश के खिलाफ काम है। मुश्किल समय में हम सब एक साथ आना होगा और थोड़ा संतोष रखकर अन्य माध्यमों का उपयोग करना चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बहुत जल्द यह पूरी स्थिति सामान्य हो जाएगी।
#WATCH | दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने LPG की कमी की खबरों पर कहा, "अगर दिल्ली में जमाखोरी होती है, तो सरकार का इसके खिलाफ सख्त रुख है। जब देश पर कोई संकट आता है, तो हम सभी को एकजुट खड़ा होना चाहिए। मैं उन लोगों को भी चेतावनी देना चाहती हूं जो लोगों में डर पैदा कर रहे हैं… pic.twitter.com/agI6dtIk5j
— ANI_HindiNews (@AHindinews) March 15, 2026
मजबूरी में ब्लैक में खरीद रहे गैस सिलेंडर
ईद को अब कुछ ही दिन बाकी है, लिहाजा घरेलू गैस सिलेंडरों की किल्लत के चलते लोग परेशान हैं। दिल्ली के सोनिया विहार निवासी खूशनुमा का कहना है कि ब्लैक में गैस सिलेंडर के लिए 4500 रुपये मांगे जा रहे हैं। इतने पैसे नहीं खर्च कर सकते, इसलिए छत पर चूल्हा बनाया जा रहा है ताकि ईद के लिए पकवान बना सकें।
उधर, सलीम ने कहा कि पहले जो शख्स उनके लिए सिलेंडर लाता था, अब उसका फोन स्विच ऑफ चल रहा है। समझ नहीं आता कि गैस सिलेंडर मिलेगा या नहीं। इसी तरह, सोशल मीडिया पर कई यूजर्स हैं, जो परेशानी साझा कर रहे हैं कि बुकिंग करने के बाद भी गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है।
आप ने निकाली गैस सिलेंडर शोभायात्रा
उधर, आम आदमी पार्टी ने गैस सिलेंडर शोभा यात्रा निकाली जा रही है। आप दिल्ली के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने बताया कि राजधानी में 250 जगहों पर गैस सिलेंडर शोभा यात्रा निकाली जा रही है। उन्होंने कहा कि अब गैस सिलेंडर के दुर्लभ दर्शनों के लिए लोगों में काफी उत्साह है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी पर तंज कसा कि उनकी फेल विदेश नीति के चलते देश के ये हालात बने हैं।
समाप्त









