Noida Traffic Advisory: नोएडा के कई इलाकों में आज 15 मार्च रविवार को भारी ट्रैफिक देखने को मिल सकता है। बताया जा रहा है कि आज कांशीराम की जयंती के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ऐसे में दलित प्रेरणा स्थल के आसपास की सड़कों के साथ ही नोएडा के कई इलाकों में ट्रैफिक डायवर्जन देखने को मिलेगा। इसे लेकर नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है।
नोएडा ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, कांशीराम जयंती पर आयोजित कार्यक्रम को देखते हुए कई जगहों पर ट्रैफिक डायवर्जन रहेगा। ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि अगर नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर महामाया फ्लाईओवर के पास ट्रैफिक लगता है तो, ग्रेटर नोएडा से नोएडा की तरफ जाने वाली गाड़ियों को सेक्टर-37 की तरफ मोड़ दिया जाएगा। यात्री अट्टा पीर चौक, रजनी गंधा चौक और सेक्टर-15 गोलचक्कर होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।
दिल्ली से आने वाले लोगों के लिए रूट डायवर्जन
इसी तरह फिल्म सिटी फ्लाईओवर या दलित प्रेरणा स्थल के गेट नंबर 4-5 के पास ट्रैफिक जाम लगने से गाड़ियों को सेक्टर-18 की तरफ टर्न कर दिया जाएगा। यहां से रजनीगंधा चौक, सेक्टर-15 गोलचक्कर या फिर सेक्टर-18 अंडरपास या एलिवेटेड रोड होते हुए लोग आगे की तरफ जा सकेंगे। नोएडा ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी में दिल्ली से आने वालो लोगों के लिए रूट डायवर्जन का भी प्लान बनाया गया है।
नोएडा ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि अगर डीएनडी फ्लाईवे और फिल्म सिटी फ्लाईओवर के पास ट्रैफिक लगता है तो नोएडा से ग्रेटर नोएडा की तरफ जाने वाली गाड़ियों को सेक्टर-14ए फ्लाईओवर से सेक्टर-15 गोलचक्कर की ओर टर्न कर दिया जाएगा। गाड़ियां रजनीगंधा चौक, अट्टा पीर चौक और सेक्टर-37 से होते हुए आगे जा सकेंगी। वहीं ट्रैफिक पुलिस ने कांशीराम जयंती समारोह के लिए दलित प्रेरणा स्थल आने वाली गाड़ियों के लिए पार्किंग व्यवस्था भी की है।
कहां होगी पार्किंग की व्यवस्था ?
दलित प्रेरणा स्थल आने वाली गाड़ियों के लिए फिल्मसिटी की मल्टी लेवल पार्किंग में खड़ा किया जा सकेगा। इसके अलावा परी चौक, सेक्टर-37 के साथ ग्रेटर नोएडा वेस्ट से आने वाली हल्की गाडि़यों को दलित प्रेरणा स्थल के गेट नंबर-1 के अंदर की तरफ पार्क किया जाए सकेगा।
दिल्ली से आने वाली गाड़ियां फिल्म सिटी की मल्टीलेवल पार्किंग में खड़ी हो सकेंगी। कालिंदीकुंज की तरफ से आने वाली गाड़ियों को सेक्टर-95 गंदा नाला के पास दलित प्रेरणा स्थल की अंडरग्राउंड पार्किंग की सुविधा दी जाएगी।









