Logo
election banner
Khelo Masters National Games 2023: सीडब्ल्यूजी स्टेडियम अक्षरधाम में हुई 'खेलो मास्टर्स नेशनल गेम्स 2023' में दिल्ली की टीम ने बाजी मारी है। दिल्ली की टीम ने 4x100 मीटर रिले में स्वर्ण पदक जीता है।

Khelo Masters National Games 2023: दिल्ली के सीडब्ल्यूजी स्टेडियम अक्षरधाम में बीते दिनों 'खेलो मास्टर्स नेशनल गेम्स 2023' का आयोजन किया गया। इसमें देशभर के 30 से 70 वर्ष की आयु के हजारों खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। वहीं, 4x100 मीटर रिले, 40+ ग्रुप उम्र में दिल्ली ने बाजी मारी है। इसमें अलग-अलग राज्यों की सात टीमों ने हिस्सा लिया था, जिसमें दिल्ली की टीम ने पहला स्थान हासिल किया है।

दिल्ली ने जीता गोल्ड

दिल्ली की इस टीम में मॉडल टाउन के रहने वाले मनदीप सिंह भी हिस्सा थे। मनदीप ने हरिभूमि के साथ बातचीत में बताया कि खेलो मास्टर्स नेशनल गेम्स की शुरुआत 2019 में हुई थी। इस बार तीसरे खेलो मास्टर्स नेशनल गेम्स 2023 का आयोजन किया गया। उन्होंने बताया कि यह आयोजन 15 से 17 दिसंबर तक चला। दिल्ली की टीम में मनदीप के साथ अनूप, अरुण और विकास शामिल थे। मनदीप 41 साल के हैं और वह इससे पहले भी दोनों बार मास्टर्स नेशनल गेम्स में हिस्सा ले चुके हैं। इस बार उन्होंने 4x100 मीटर रिले में स्वर्ण पदक जीता।

खेल की कोई उम्र नहीं - मनदीप

मनदीप एक निजी कंपनी में काम करते हैं। इसके साथ वह खुद को फिट और स्वस्थ बनाए रखने के लिए खेल गतिविधियों का शौक रखते हैं। उन्होंने कहा कि मैं 40 प्लस का हूं और खेल की कोई उम्र नहीं होती, यह सब आप पर निर्भर करता है। मनदीप ने आगे कहा कि मैं खेलों के प्रति हमेशा अपना सर्वश्रेष्ठ देने में विश्वास रखता हूं। मनदीप आजकल एक फिटनेस ट्रेनर के रूप में काम करने के साथ-साथ लोगों को खेल और स्वस्थ रहने के लिए भी जागरूक कर रहे हैं। इसके अलावा वह कैसे अपने आप को फिट रखा जाए उसके लिए भी लोगों की मदद रक रहे हैं।

सांसद मनोज तिवारी ने किया था उद्घाटन

खेलो मास्टर्स नेशनल गेम्स का उद्घाटन उत्तर पूर्वी दिल्ली से सांसद मनोज तिवारी द्वारा किया गया। इस दौरान तिवारी ने खेलो मास्टर्स गेम्स फाउंडेशन के प्रयासों की सराहना की और एथलीटों को अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने आशा व्यक्त की कि ये खेल पूरे भारत में खेल और फिटनेस संस्कृति को बढ़ावा देने में योगदान देंगे।

खेलो मास्टर्स गेम्स फाउंडेशन के महासचिव और पूर्व अंतरराष्ट्रीय स्तर के हॉकी खिलाड़ी शीलेंद्र सिंह ने कहा कि नई दिल्ली में तीसरे खेलो मास्टर्स गेम्स ने मध्यम आयु वर्ग के खेल प्रेमियों को अपनी प्रतिभा और खेल के प्रति जुनून दिखाने के लिए एक मंच प्रदान किया। उन्होंने कहा कि हमें उम्मीद है कि यह आयोजन अधिक से अधिक लोगों को, खेल को जीवन के तरीके के रूप में अपनाने और देश के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित करेगा। बता दें कि खेलो मास्टर्स नेशनल गेम्स का आयोजन राष्ट्रीय स्तर पर किया जाता है। इसमें देशभर के खिलाड़ी हिस्सा लेते हैं।

5379487