Delhi Murder Case: दिल्ली के सुल्तानपुरी से एक दिल दहला देनी वाली घटना सामने आई है। यहां एक शख्स ने 14 फरवरी यानी कि वैलंटाइन डे के दिन अपनी पत्नी की गला घोंट कर हत्या कर दी। मृतिका की पहचान सुमन के रूप में हुई है। पुलिस ने फिलहाल शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मंगोलपुरी के संजय गांधी हॉस्पिटल में भेज दिया है।
बताया जा रहा है कि पति और पत्नी दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था। पत्नी को शक था कि उसके पति के किसी दूसरी महिला के साथ अवैध संबंध हैं। इसी शक के चलते दोनों के रिश्ते में खटाश थी। शनिवार को भी दोनों की बीच झगड़ा शुरू हो गया, लेकिन इस बार यह झगड़ा एक अनहोनी का कारण बन गया। पति ने गुस्से में आकर में अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। मृतिका की छोटी बहन ने बताया कि सुबह उसके जीजा का फोन उसके भाई के फोन पर आया था। इस दौरान वह गुस्से में कह रहा था कि आपकी बहन रोटी बनाकर नहीं दे रही है और अब वह जिंदा नहीं बचेगी।
मृतिका की बहन ने आगे बताया कि कुछ देर बाद दीदी का बेटा आया और उसने बताया कि पापा ने कुंडी लगाकर मम्मी को मार डाला। सुमन की मां के मुताबिक, उनकी बेटी की शादी 15 साल पहले हुई और अभी उसके दो बच्चे हैं। मृतिका की मां ने आगे कहा कि आरोपी पति ड्राइवर है, जिसे फिलहाल पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वहीं ऐसा बताया जा रहा है आरोपी पंजाबी बाग में ड्राइवरी करता था। फिलहाल पुलिस शुरूआती जांच में किसी भी प्रकार के अवैध संबंध की पुष्टी नहीं कर पाई है और आगे की जांच जारी है।










