Delhi High Court: गैंगस्टर हाशिम बाबा की पत्नी ने दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दायर की है। याचिका में उन्होंने जेल अधिकारियों पर परेशान करने और पैसे मांगने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।

Delhi High Court: गैंगस्टर हाशिम बाबा की पत्नी जोया ने शनिवार को दिल्ली हाईकोर्ट में एक याचिका दायर की। जोया ने याचिका में आरोप लगाया है कि तिहाड़ जेल में अधिकारी उन्हें प्रताड़ित करते हैं। जोया का आरोप है कि जेल में अधिकारियों ने न सिर्फ उन्हें प्रताड़ित किया बल्कि 2 मार्च को रोजा भी नहीं रखने दिया। इसके अलावा जोया का आरोप है कि जेल में अधिकारी उनसे पैसे भी मांगते हैं।

दिल्ली हाईकोर्ट में दी गई याचिका में जोया ने तिहाड़ जेल के अंदर 4 अधिकारियों के द्वारा उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है ऐसा आरोप लगाया है। जोया के मुताबिक, इन अधिकारियों में 2 सहायक अधीक्षक हैं जबकि दो मैट्रन शामिल हैं। जोया ने इस याचिका के माध्यम से कोर्ट से गुहार लगाई है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाए। वहीं मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ऐसा बताया जा रहा है कि इस याचिका पर 23 मार्च यानी कि सोमवार को सुनवाई हो सकती है।

दायर याचिका में आरोप लगाया गया है कि सुबह लगभग 9 बजे से 10 बजे के बीच वार्ड नंबर 9 के इलाके में जेल में अधिकारियों के द्वारा याचिकाकर्ता को प्रताड़ित किया गया। बताया जा रहा है कि जोया की वकील आनंद देवी 9 मार्च को जब जेल में अपनी मुवक्किल से मिलने गईं तो इस दौरान पीड़िता ने पूरी बात अपने वकील को बताई और इसके बाद दिल्ली हाईकोर्ट में इस मामले में याचिका दायर की गई है। 

जोया का आरोप है कि जेल के अंदर अधिकारियों के द्वारा उनसे सोने के जेवरात और पैसे मांगे जाते हैं। इसके अलावा जब उनके परिवार के लोग जेल में उनसे मिलने आते हैं तो मुलाकात करने के लिए भी उनसे पैसों की मांग की जाती है। जोया को नादिर शाह हत्याकांड व अन्य दो मामलों में गिरफ्तार किया गया है और फिलहाल वह तिहाड़ जेल में न्यायिक हिरासत में बंद है।