Gurugram Bulldozer Action: हरियाणा के गुरुग्राम से बुलडोजर कार्रवाई की खबर सामने आ रही है। यहां हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण ने भारी विरोध के बाद भी कीर्ति नगर के सेक्टर 15 के पार्ट एक में मकान को मलबे के ढेर में तब्दील कर दिया। इस दौरान 2 बुलडोजरों ने करीब 600 वर्ग गज में बने मकान में तोड़फोड़ की। बताया जा रहा है कि हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की जमीन पर कई सालों से कब्जा कर रखा था।
आज करीब दोपहर 12 बजे के आसपास हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण का दस्ता उपमंडल अभियंता अजमेर सिंह के नेतृत्व में मौके पर पहुंचाा। इस दौरान ड्यूटी मजिस्ट्रेट के रूप में अभियंता नरेश राणा मौके पर मौजूद रहे। जब मौके पर बुलडोजर और भारी पुलिस बल पहुंचा तो इस मकान में रहने वाले लोगों ने इसका कड़ा विरोध करना शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि इस कार्रवाई का एक महिला और उसके बेटे ने कड़ा विरोध किया। लेकिन पुलिस बल की मदद से उन्हें वहां से हटा दिया गया।
इसके बाद कानूनी कार्रवाई के तहत मकान की तोड़फोड़ शुरू हुई और 2 बुलडोजर ने लगभग एक घंटे के अंदर मकान को मलबे के ढेर में तब्दील कर दिया। इसके बाद हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के अधिकारियों ने वहां मौजूद लोगों को चेतावनी देते हुए समझाया कि अगर आगे से अवैध कब्जा किया तो उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के अभियंता अजमेर सिंह के मुताबिक, कीर्ति नगर कॉलोनी के साथ लगी हुई यह जमीन सेक्टर-15 के पार्ट एक के लिए अधिग्रहित की गई थी। लेकिन सालों से लोग इस पर मकान बनाकर अवैध कब्जा किया हुआ था। यहीं नहीं लोग इस मकान में सालों से रह भी रहे थे। जिसे अब गिरा दिया गया है।