Greater Noida West Metro: ग्रेटर नोएडा वेस्ट में रहने वाले लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि नोएडा मेट्रो की एक्वा लाइन का विस्तार किया जाएगा। प्लान के तहत नया मेट्रो कॉरिडोर नोएडा के सेक्टर-61 से निकलकर सीधे ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-4 (गौर चौक) तक होगा। यह एलिवेटेड कॉरिडोर करीब 6 किलोमीटर लंबा होगा, जिसमें 4 नए स्टेशन बनाने का प्रस्ताव है। काम पूरा हो जाने के बाद ग्रेटर नोएडा वेस्ट की 100 से ज्यादा हाउसिंग सोसायटियों में रह रहे 5 लाख से ज्यादा लोगों को इसका फायदा मिलेगा।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, नोएडा के सेक्टर-61 स्टेशन DMRC और NMRC को संयुक्त स्टेशन के तौर पर बनाया जाएगा, इसे जक्शन की तर्ज पर तैयार किया जाएगा, दिल्ली मेट्रो नेटवर्क से आने वाले वाले यात्री बिना किसी समस्या के NMRC/ एक्वा लाइन के माध्यम से ग्रेटर नोएडा वेस्ट तक पहुंच सकेंगे। मेट्रो विस्तार की सबसे अहम कड़ी इसे आरआरटीएस (नमो रेल) से जोड़ना है। प्लान के तहत ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-4 (गौर चौक) स्टेशन पर लाइन आरआरटीएस से कनेक्ट हो जाएगी।
कनेक्टिविटी बेहतर होगी
ग्रेटर नोएडा वेस्ट के यात्रियों को जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक जाने के लिए स्पीड और संगठित कनेक्टिविटी मिल सकती है। पहले नॉलेज पार्क-5 तक मेट्रो विस्तार का प्लान उत्तर प्रदेश कैबिनेट से 2 फेज में पूरा हो चुका था, लेकिन यह रूट गाजियाबाद से जेवर तक प्रस्तावित RRTS कॉरिडोर के रास्ते में रुकावट पैदा कर रहा था, जिसकी वजह से केंद्र स्तर पर इसे मंजूरी नहीं मिल सकी। अब नई रणनीति के तहत ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-4 को आरआरटीएस से कनेक्ट करके योजना को व्यावहारिक बनाया जा रहा है।
DPR फाइनल फेज में
नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के MD कृष्णा करुणेश के मुताबिक, यह विस्तार उसी मेट्रो प्रोजेक्ट का हिस्सा है, जिसे यूपी कैबिनेट ने नॉलेज पार्क-5 तक मंजूरी दी थी। अब योजना का केंद्र ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-4 (गौर चौक) स्टेशन को आरआरटीएस से कनेक्ट करने पर रखा गया है। लिंक तैयार होने पर ग्रेटर नोएडा वेस्ट में रोज होने वाला ट्रैफिक का दबाव भी कम होने की संभावना है।
यात्रियों को एक्वा लाइन के माध्यम से भरोसेमंद, तेज और व्यवस्थित सार्वजनिक परिवहन का ऑप्शन मिलेगा। अधिकारियों का कहना है कि कॉरिडोर की डीपीआर अपने फाइनल फेज में है, कुछ तकनीकी संशोधनों के बाद प्रस्ताव को फिर से यूपी कैबिनेट के सामने रखा जाएगा। मंजूरी के बाद गौर चौक तक मेट्रो के विस्तार की प्रक्रिया को तेज हो जाएगी।
ये 4 स्टेशन होंगे शामिल
सेक्टर-61 स्टेशन
सेक्टर-70 स्टेशन
सेक्टर-123 स्टेशन
सेक्टर-4 (ग्रेटर नोएडा वेस्ट/गौर चौक) स्टेशन
वित्तीय मदद करेगी सरकार
इक्विटी मॉडल के तहत केंद्र सरकार, राज्य सरकार, नोएडा प्राधिकरण और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण मिलकर वित्तीय मदद करेंगे। NMRC प्रबंधन के मुताबिक, ग्रेटर नोएडा डिपो से जुनपत और बॉटेनिकल गार्डन से सेक्टर-142 तक डीपीआर को केंद्र से पहले ही मंजूरी मिल चुकी है, वहीं डिजाइनिंग का काम किया जा रहा है। वहीं टोपोग्राफी सर्वे और मिट्टी की जांच (सोइल टेस्टिंग) करीब पूरी हो चुकी है। संभावना है कि दोनों रूट का शिलान्यास मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा किया जा सकता है।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।
