Greater Noida Suicide Case: ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देनी वाली घटना सामने आई है। यहां एक 23 साल के अर्जुन नाम के छात्र ने स्टूडियो अपार्टमेंट की 20वीं मंजिल से कूदकर अपनी जान दे दी। अर्जुन बीटेक का अंतिम साल का छात्र था और पढ़ाई के सिलसिले में नोएडा में रह रहा था। इस हादसे के बाद पूरे सोसाइटी में हाहाकार मच गया।
हादसे के बाद लोगों ने इसकी सूचना सूरजपुर पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर हालात में लड़के को तुरंत नजदीकी अस्पताल में ले गए लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इसके अलावा पुलिस ने घटनास्थल की बारीक से जांच की लेकिन पुलिस को वहां कोई भी सुसाइड नोट नहीं मिला।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पुलिस ने हादसे के सूचना लड़के के परिजनों को दे दी है और वह लोग भी मौके पर पहुंचने वाले हैं। पुलिस ने आगे बताया कि फिलहाल आत्महत्या की वजह साफ नहीं हो पाई है। पुलिस मृतक के दोस्तों से पूछताछ कर रही है। इसके साथ ही पुलिस उसके मोबाइल फोन और चैट को खंगाल रही है। ताकि सुसाइड के पीछे का असली कारण सामने आ सके।
हैरान की बात यह कि इस साल के शुरुआत में ही ग्रेटर नोएडा से कई ऐसे केस आ चुके हैं। इसी महीने के शुरुआत में बिसरख थाने के साइबर इलाके में 23 साल की ब्यूटीशियन पूजा का शव उसके कमरे में मिला था। इस घटना का खुलासा तब हुआ जब पड़ोस में रहने वाले लोगों को बदबू आने लगी थी और बाद में खुलासा हुआ था कि मृतका महिला अपने कमरे में अकेली रहती थी। इसके अलावा 14 फरवरी को भी नोएडा के सेक्टर 107 में कार में एक युवती और एक युवक की लाश मिली थी। दोनों के सिर में गोली लगी हुई थी। उनके पास से एक सुसाइड नोट भी मिला था जबकि परिवार के लोगों ने इसे हत्या बताया था।










