Ghaziabad Suicide Case: गाजियाबाद में महागुनपुरम सोसाइटी के विनायक टावर में एक 40 वर्षीय व्यक्ति ने 13वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली है। व्यक्ति का नाम राजवीर बताया जा रहा है। यह घटना गुरुवार दोपहर करीब 1:30 बजे की है। सोसाइटी नेशनल हाईवे 24 के पास स्थित है। राजवीर ने टावर की 13वीं मंजिल से छलांग लगाई, जिसके बाद उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना के बाद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना के बाद पुलिस जब राजवीर के परिवार के ग्राउंड फ्लोर वाले फ्लैट में पहुंची तो वहां उनकी मां का शव मिला। फ्लैट संख्या 028 में उनकी मां रहती थीं। पुलिस को मां का शव घर के अंदर मिलने से मामले में और रहस्य पैदा हो गया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मां की मौत कब और कैसे हुई। पुलिस जांच में जुटी है कि क्या दोनों मौतें जुड़ी हुई हैं या अलग-अलग कारणों से हुई हैं। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है ताकि मौत के सटीक कारण का पता चल सके।
महागुनपुरम एओए के महासचिव डॉक्टर सुरजीत सिंह के अनुसार, यह घटना विनायक टावर में हुई। राजवीर अपनी मां के साथ रहते थे।, लेकिन ठीक-ठीक विवरण अभी जांच के अधीन है। सोसाइटी में रहने वाले लोगों में सदमा है और पुलिस से जांच की मांग की जा रही है। वहीं अभी तक पुलिस को किसी सुसाइड नोट या अन्य सबूतों की जानकारी नहीं मिली है।
पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। दोनों मौतों के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। क्या यह हादसा पारिवारिक विवाद, मानसिक तनाव या कोई अन्य वजह से हुआ, यह जांच से ही सामने आएगा। इलाके में ऐसी घटनाएं लोगों को चिंतित कर रही हैं। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज की जांच भी की जा रही है।