Ghaziabad Firing Case: गाजियाबाद के लोनी में आज 16 मार्च सोमवार को बैंक मैनेजर को गार्ड ने गोली मार दी, जिसकी वजह से बैंक स्टाफ और वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने तुरंत घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले के बारे में पता लगने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई, जिसके बाद घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पूरा मामला लोनी के पंजाब एंड सिंध बैंक का बताया जा रहा है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आज दोपहर करीब डेढ़ बजे गार्ड ने बैंक मैनेजर को सीने में गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर बैंक में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी शुरू हो गई। वहीं वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।आनन-फानन में आस-पास मौजूद लोग गंभीर रूप से घायल हुए मैनेजर को जीटीबी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसकी मौत हो गई थी।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस का कहना है कि घायल बैंक मैनेजर को बाइक पर अस्पताल पहुंचाया गया था। लेकिन इससे पहले ही उनकी हालत काफी गंभीर हो चुकी थी। वहीं वारदात को अंजाम देने के बाद गार्ड बंदूक समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस का कहना है कि गार्ड ने बैंक मैनेजर को आखिर क्यों गोली मारी इसका पता लगाया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है।